Uncategorized

सऊदी नीत गठबंधन को सहयोग की ‘तत्काल समीक्षा’ करेगा अमेरिका

वाशिंगटन: यमन में सऊदी अरब के नेतृत्व वाले गठबंधन की ओर से एक शोक सभा के दौरान किए गए हवाई हमले के बाद अमेरिका ने कहा है कि वह गठबंधन को अपने सहयोग की ‘तुरंत समीक्षा’ करेगा। यमन की राजधानी सना में शनिवार को हुए इस हमले में 150 से अधिक लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 500 घायल हो गए। यह हमला हौती विद्रोहियों को निशाना बनाकर किया गया था।

सऊदी अरब को बड़े पैमाने पर हथियारों की आपूर्ति करने वाला अमेरिका इस घटना से खुद को दूर करता नजर आ रहा है। उसने कहा है कि वह हमले व इसमें लोगों की मौत से संबंधित खबरों से ‘आहत’ है।

अमेरिका की राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के प्रवक्ता नेड प्राइस ने एक बयान में कहा कि ‘इस हमले और यमन के नागरिकों पर किए जाने वाले अन्य हमलों के मद्देनजर देश अपने रुख पर पुनिर्विचार करने के लिए विवश हुआ है।’

बयान में कहा गया है, “हमने सऊदी अरब के नेतृत्व वाली गठबंधन सेना को दिए जाने वाला सहयोग पहले ही कम कर दिया है। मौजूदा समय में जो भी सहयोग दिया जा रहा है, हम उसकी तुरंत समीक्षा करने जा रहे हैं, ताकि अमेरिकी सिद्धांतों, मूल्यों और हितों के साथ बेहतर तालमेल बिठाते हुए यमन संघर्ष का समाधान तलाशा जा सके।”

सऊदी अरब के नेतृत्व में कई अरब देशों ने मार्च 2015 में यमन में सैन्य अभियान की शुरुआत की थी, जिसका उद्देश्य हौती विद्रोहियों और यमन के बेदखल राष्ट्रपति अली अब्दुल्ला सालेह के समर्थकों को सत्ता पाने से रोकना था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

Back to top button