Uncategorized

श्रीनगर-लेह की साढ़े तीन घंटे की दूरी 15 मिनटों में होगी पूरी, पीएम मोदी ने जोजिला सुरंग की रखी नींव

पीएम मोदी ने एशिया की सबसे लंबी जोजिला सुरंग का किया शिलान्यास

श्रीनगर-लेह की दूरी साढ़े तीन घंटे से महज 15 मिनट की  रह जाएगी

 14.2 किलोमीटर लंबी इस सुरंग के निर्माण से लेह, करगिल और श्रीनगर के बीच हर मौसम में बनी रहेगी कनेक्टिविटी

Leh: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एशिया की सबसे लंबी जोजिला सुरंग की आधारशिला रखकर जम्मू कश्मीर वासियों को सौगात दी. जोजिला सुरंग 6,809 करोड़ रुपये की लागत के साथ 7 साल में बनेगी. इससे श्रीनगर और लेह की दूरी, साढ़ें तीन घंटे से महज 15 मिनट की हो जाएगी. 14.2 किलोमीटर लंबी इस सुरंग के निर्माण से लेह, करगिल और श्रीनगर के बीच हर मौसम में कनेक्टिविटी बनी रहेगी. दरअसल जोजिला दर्रा श्रीनगर-करगिल-लेह राष्ट्रीय राजमार्ग पर 11,578 फुट की ऊंचाई पर स्थित है और सर्दियों में भारी हिमपात के कारण यह बंद हो जाता है जिससे लद्दाख क्षेत्र का कश्मीर से सड़क संपर्क टूट जाता है. वही शिलान्यास के दौरान मोदी ने कहा कि यह राज्य के चौतरफा विकास की ओर नयी दिल्ली की प्रतिबद्धता को दिखाता है. 19 वें कुशक बाकुला रिनपोछे के जन्मशती कार्यक्रम के समापन समारोह के लिए लेह मैदान पर एकत्रित भीड़ को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा कि सुरंग से इस क्षेत्र को देश के शेष हिस्से से जोड़ने में मदद मिलेगी जो बौद्ध आध्यात्मिक गुरू का एक सपना रहा है.

जोजिला सुरंग की खासियत

जोजिला टनल एशिया की सबसे लंबी दो रास्ते की टनल होगी. यह सुरंग मौजूदा हाईवे के नीचे 400 मीटर दूरी तक गुजरेगी. ये सुरंग सेना के लिए खासतौर पर महत्वपूर्ण होगी,  जिसके जरिये सर्दियों के मौसम में करगिल पोस्ट पर रसद पहुंचाने की समस्या से निजात मिलेगी. अब हर मौसम में सीमा चौकियों तक सामग्री पहुंचाई जा सकेगी. जोजिला टनल के बन जाने के बाद साढ़े तीन घंटे का सफर महज 15 मिनट में ही पूरा हो सकेगा. इस टनल में 80 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से वाहन गुजर सकेंगे. हाई-टेक कॉम्युनिकेशंस समेत इस टनल पर तमाम जरूरी सेफ्टी फीचर्स भी उपलब्ध होंगे. 

इसे भी पढ़ेंःकर्नाटक : बहुमत का दंगल हार गई बीजेपी, येदियुरप्पा से छिना सीएम का ताज

पीएम ने रखी आधारशिला

सुरंग के लिए निर्माण कार्य शुरू होने की शिला पट्टिका का अनावरण करते हुए मोदी ने कहा, ‘‘जोजिला सुरंग महज सुरंग नहीं है बल्कि आधुनिक युग का चमत्कार है.’’ उन्होंने कहा कि एक टावर के जरिए सुरंग से कार्बन डाइऑक्साइड निकाल दी जाएगी. यह टावर कुतुब मीनार से सात गुना ऊंचा होगा. मोदी ने कहा कि यह सुरंग स्थानीय युवाओं को रोजगार देने के अलावा क्षेत्र से संपर्क मुहैया कराएगी. उन्होंने ये भी कहा कि जम्मू कश्मीर को 25,000 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाएं मिलने जा रही है. इन परियोजनाओं का राज्य के लोगों पर सकारात्मक असर पड़ेगा.  उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार जम्मू कश्मीर के विकास पर काम कर रहे हैं. प्रधानमंत्री ने कहा कि आज 25,000 करोड़ रुपये की लागत वाली परियोजनाओं का या तो उद्घाटन होगा या उनका शिलान्यास किया जाएगा. यह राज्य के चौतरफा विकास की ओर नई दिल्ली की प्रतिबद्धता दिखाता है. उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में कृषि विकास की अपार संभावनाएं हैं. राज्य समग्र हेल्थकेयर को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका अदा कर सकता है. इस दौरान प्रधानमंत्री ने एक वर्चुअल संग्रहालय बनाने की भी घोषणा की जिसमें दुनिया को लद्दाख क्षेत्र का इतिहास और परंपरा दिखाई जाएगी.

कांग्रेस पर पीएम का निशाना

कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि जब वह प्रधानमंत्री बने तो हजारों गांवों में बिजली नहीं थी. उन्होंने कहा कि मेरी सरकार ने अभियान स्तर पर बिजली पहुंचाने की प्रक्रिया शुरू की और इन गांवों को अंधकार के युग से बाहर निकाला. मोदी ने कहा कि आजादी के 70 वर्षों बाद भी करीब चार करोड़ घरों में बिजली नहीं है और अब उन्हें डेढ़ साल के भीतर बिजली मुहैया कराई जाएगी.

इसे भी पढ़ेंःबोफोर्स घोटला कर सकता है 2019 के चुनाव को प्रभावित

जोजिला सुरंग के शिलान्यास के दौरान पीएम मोदी के साथ सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी, पीएमओ में राज्यमंत्री जितेंद्र सिंह और मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती भी मौजूद थे. इस दौरान केंद्रीय मंत्री गडकरी ने अपने भाषण में कहा कि सुरंग के निर्माण से स्थानीय युवाओं को 90 फीसदी रोजगार मिलेगा. उन्होंने कहा कि इससे सशस्त्र बलों को सामान की चौबीसों घंटे आपूर्ति करने में मदद मिलेगी. महबूबा ने कुशक बाकुला जन्मशती कार्यक्रम के समापन समारोह में शामिल होने के लिए प्रधानमंत्री का आभार जताया. सुरंग के बारे में उन्होंने कहा कि मुझे विश्वास है कि प्रधानमंत्री रहते हुए आपके कार्यकाल के दौरान इसका निर्माण कार्य पूरा हो जाएगा.

 न्यूज विंग एंड्रॉएड ऐप डाउनलोड करने के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पेज लाइक कर फॉलो भी कर सकते हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

Back to top button