Chennai : अन्नाद्रमुक नेता वी. के. शशिकला के पति एम. नटराजन का सोमवार की देर रात चेन्नई के एक अस्पताल में निधन हो गया. वह 74 वर्ष के थे. ग्लेनग्लेज ग्लोबल हेल्थ सिटी के चीफ ऑपरेटिंग अफसर शानमुग प्रियन ने एक अधिकारिक बयान में कहा कि हमें बेहद दुख के साथ नटराजन मरूतप्पा के निधन की घोषणा करनी पड़ रही है. उन्होंने सोमवार की देर रात एक बजकर पैंतीस मिनट पर अंतिम सांस ली.
इसे भी पढ़ें: नगर निकाय चुनाव : उम्मीदवारों की सूची जारी करने में पहले आप-पहले आप, नॉमिनेशन के लिए बचे सिर्फ दो कार्यदिवस
शनिवार को कराया गया था भर्ती
नटराजन को फेंफड़े में गंभीर संक्रमण के बाद शनिवार को अस्पताल में भर्ती कराया गया था. वह वेंटिलेटर पर थे. नटराजन के शव को फिलहाल अंतिम दर्शन के लिए उनके बसंत नगर स्थित आवास पर रखा गया है. उनके करीबी सूत्रों का कहना है कि शव को पैतृक गांव तंजावूर ले जाया जाएगा, जहां उनका अंतिम संस्कार होगा. हालांकि, यह अभी स्पष्ट नहीं है कि अंतिम संस्कार कब किया जायेगा क्योंकि परिजनों को आशा है कि शशिकला को पैरोल मिलेगा.
शशिकला पाराप्पना जेल में हैं बंद
गौरतलब है कि आय से अधिक संपत्ति के मामले में शशिकला पिछले साल फरवरी से ही बेंगलुरू के पाराप्पना जेल में बंद हैं. उन्हें अदालत ने चार साल कैद की सजा सुनायी है. शशिकला को पिछले साल अक्तूबर में नटराजन के किडनी प्रतिरोपण के लिए पैरोल मिला था. नटराजन एक तमिल कार्यकर्ता थे और तमिल भाषा की पत्रिका ‘पुतिया पारवी’ निकालते थे. वह राज्य सरकार में जन संपर्क अधिकारी के रूप में भी काम कर चुके थे.
न्यूज विंग एंड्रॉएड ऐप डाउनलोड करने के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पेज लाइक कर फॉलो भी कर सकते हैं.




