News Wing
Banda (Uttar Pradesh), 24 November: चित्रकूट जिले के मानिकपुर जंक्शन पर आज तड़के गोवा से पटना जाने वाली वास्को डि गामा – पटना एक्सप्रेस ट्रेन के 13 डिब्बे पटरी से उतर गए, जिससे तीन लोगों की मौत हो गई और नौ अन्य यात्री घायल हो गए. चित्रकूट के पुलिस अधीक्षक प्रताप गोपेन्द्र सिंह ने बताया कि गोवा से पटना जाने वाली 12741 वास्को डि गामा एक्सप्रेस आज तड़के करीब सवा चार बजे मानिकपुर जंक्शन के प्लेटफॉर्म फॉर्म संख्या-दो से गुजर रही थी. ट्रेन जैसे ही प्लेटफॉर्म से कुछ दूर आगे बढ़ी, उसके तेरह डिब्बे पटरी से उतर गए.
तीन की मौत, नौ घायल
सिंह ने बताया कि इस हादसे में तीन यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई है और नौ यात्री घायल हो गए हैं. इनमें दो की हालत गंभीर है, जिन्हें जिले के अस्पताल में दाखिल कराया गया है. अन्य घायलों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है. उन्होंने बताया कि इस ट्रेन हादसे की वजह से मुंबई, गोवा और पटना जाने वाली ट्रेनों के अलावा कई ट्रेनों का आवागमन प्रभावित हुआ है. फिलहाल बचाव और राहत कार्य जारी है. उन्होंने बताया कि अब कोई भी यात्री डिब्बों में नहीं फंसा है. रेलवे विभाग के वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पहुंचने लगे हैं. इससे पहले उत्तर मध्य रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी अमित मालवीय ने कहा था कि राहत और बचाव कार्य तेजी से चल रहा है. रेलवे के अधिकारी मौके के लिए रवाना हो गये हैं.
मुआवजा देने की घोषणा
रेल मंत्री पीयूष गोयल ने वास्को डी गामा-पटना एक्सप्रेस के पटरी से उतरने के कारण मारे गये लोगों के परिजन को पांच-पांच लाख रुपये और गंभीर रूप से घायल लोगों को एक-एक लाख रुपये और मामूली रूप से घायल हुए लोगों को 50-50 हजार रुपये की अनुग्रह राशि दी जायेगी.
जारी हेल्प लाइन नंबर
हादसे के बाद उत्तर मध्य रेलवे ने हेल्प लाइन नंबर जारी किये हैं. यह नंबर हैं इलाहाबाद..0532.1072, 0532.2408149, 2408128. मिर्जापुर..05442..1072, 05442.220095,220096. चुनार..05443..1072, 05443.222487, 222137.
न्यूज विंग एंड्रॉएड ऐप डाउनलोड करने के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पेज लाइक कर फॉलो भी कर सकते हैं.




