
Latehar : गारू प्रखंड के सरयू ओपी अंतर्गत बंदुवा के वार्ड सदस्य बिंदा लाल भगत (32) का पेड़ से लटका शव पुलिस ने शुक्रवार को बरामद किया है. उसकी हत्या गुरुवार रात कर दी गई थी और शव को पेड़ से लटका दिया. बिंदा के परिजनों का कहना है कि बीड़ी पत्ता खरीद में रंगदारी नहीं देने पर उसकी हत्या कर दी गई. पुलिस ने उसकी हत्या में शामिल होने के आरोप में गांव के ही एक अपराधी को गिरफ्तार किया है. पुलिस मामले की तहकीकात कर रही है. इस संबंध में मृतक के पिता गणेश भगत ने बताया कि मृतक कुछ दिनों से गांव में बीड़ी पत्ते की खरीदारी कर रहा था. इसे लेकर अखिलेश भगत और दो अन्य ने बिंदा लाल से दो लाख रुपये रंगदारी मांगी थी. रुपया नहीं देने पर देख लेने की धमकी दी गई थी, जिससे बिंदा परेशान था.
इसे भी पढ़ेंःक्या बिना रोड मैप के हो रहा है झारखंड के कई शहरों में 2033 करोड़ की लागत से बिजली के लिए अंडरग्राउंड केबलिंग का काम !
बैठक में शामिल होने गया था पंचायत सचिवालय
मृतक के पिता ने बताया कि बुधवार को 11 बजे वह अपनी पत्नी से चोरहा पंचायत सचिवालय में ग्राम पंचायत कार्यकारिणी की बैठक में शामिल होने की बात कह कर निकला था. मगर वह शाम तक नहीं लौटा. शाम को डोमाखाड़ में पुल निर्माण में लगे मजदूर वापस बंदुआ गांव लौट रहे थे. तो उन्होंने देखा कि महुआ पेड़ से एक शव लटक रहा है. इसके बाद मजदूरों ने इसकी जानकारी मृतक की पत्नी और पिता को दी. सूचना मिलने पर मृतक के पिता ने इसकी सूचना गारू थाना व सरयू ओपी को दी. सूचना मिलते ही महुआडांड़ एसडीपीओ ओमप्रकाश तिवारी व सहायक थाना प्रभारी रमेश सिंह के साथ घटनास्थल पहुंचे और शव को कब्जे में ले पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
न्यूज विंग एंड्रॉएड ऐप डाउनलोड करने के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पेज लाइक कर फॉलो भी कर सकते हैं.




