अहमदाबाद : गुजरात में कच्छ जिले के क्रीक इलाके के दलदली हरामी नाला से सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने एक लावारिस पाकिस्तानी नौका बरामद की जिसमें मछली मारने के उपकरणों के अलावा एक बंदूक और कुछ कारतूस तथा मोबाइल फोन भी मिले हैं।
सोमवार को भी क्रीक इलाके से एक अन्य लावारिस पाकिस्तानी नौका मिली थी हालांकि उसमें कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली थी। कुल मिला कर पिछले लगभग तीन माह में ऐसी नौका की यह चौथी बरामदगी है।
मगंलवार हुई बरामदगी तो ऐसे समय में हुई है जब बीएसएफ के महानिदेशक कच्छ के दौरे पर हैं। बीएसएफ के सूत्रों ने बताया कि गश्ती दल ने इस नौका को हरामीनाला में देखा। इसमें एक बंदूक और कुछ कारतूस भी थे, जो प्रथम द्रष्टया शिकार में इस्तेमाल होने वाला पंप गन मालूम होता है।
इस मामले में विस्तृत छानबीन की जा रही है। इससे पूर्व गत 17 जनवरी को तथा उससे पूर्व दिसंबर में भी ऐसी दो नौकाएं बरामद की गई थीं।
(राजस्थान पत्रिका।)




