Uncategorized

राहुल गांधी का बीजेपी पर सबसे तल्ख प्रहार, पीएम मोदी को बताया भ्रष्ट, अमित शाह को कहा मर्डर का आरोपी

New Delhi : कर्नाटक में दिन भर चली राजनीतिक गहमगहमी के बीच ढाई दिन मुख्यमंत्री रहे बीएस येदियुरप्पा के इस्तीफे के बाद कांग्रेस की खुशी का ठिकाना नहीं है. वहीं कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने प्रेसवार्ता कर इसे लोकतंत्र एवं जन अपेक्षाओं की जीत करार दिया. प्रेसवार्ता के दौरान राहुल गांधी ने कर्नाटक की जनता का आभार भी जताया. इसके बाद वो अपने असली मकसद पर आ गए, वो था बीजेपी को निशाने पर लेना. राहुल गांधी ने बीजेपी पर जमकर जुबानी प्रहार किया.उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को खुलकर भ्रष्टाचारी कहा, साथ ही बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह को हत्या का आरोपी कहकर संबोधित किया. राहुल गांधी ने कहा कि कर्नाटक के पूरे घटनाक्रम से बीजेपी की सोच की हार हुई है. साथ ही ये भी कहा कि बीजेपी और आरएसएस ने लोकतंत्र का अपमान करने में कोई कसर नहीं छोड़ी है.

राष्ट्रगान के अपमान का आरोप
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने प्रेसवार्ता की शुरुआत करते हुए पहला प्रहार करते हुए कहा कि  विधानसभा में पूरी एक्सरसाइज के बाद बीजेपी के विधायक और राज्यपाल बगैर राष्ट्रगान खत्म हुए ही सदन छोड़कर चले गए. ‘हमारी लड़ाई इसके ही खिलाफ है. आप सरकार में हैं इसलिए आप किसी का भी अपमान कर सकते हैं. ये लोग देश की किसी भी संस्था का सम्मान नहीं करते हैं.‘ 

इसे भी पढ़ें- कर्नाटक : बहुमत का दंगल हार गई बीजेपी, येदियुरप्पा से छिना सीएम का ताज 

मोदी और शाह पर तल्ख हमला

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान राहुल गांधी ने पीएम मोदी और बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह पर बेहद तल्ख टिप्पणी करते हुए कहा कि मोदी खुद ही भ्रष्टाचार हैं. उन्होंने आगे कहा, ‘मोदी जी और मर्डर के आरोपी अमित शाह को कर्नाटक की जनता ने जवाब दिया है. बीजेपी और आरएसएस कई बार देश का अपमान कर चुकी हैं. उन्होंने जनता के फैसले के का अपमान किया है, जिसका उदाहरण कर्नाटक, गोवा और मणिपुर है.’ 

हार से सबक ले बीजेपी : राहुल

राहुल गांधी ने कहा कि उम्मीद है कि बीजेपी और आरएसएस को कर्नाटक की हार से सबक मिलेगा. उन्होंने कहा कि टेलिफोन की बातचीत समेत तमाम सबूत हैं कि बीजेपी ने कांग्रेस और जेडीएस के विधायकों को खरीदने की भरपूर कोशिश की. राहुल गांधी ने कहा, ‘मैं पीएम को संदेश देना चाहता हूं कि पीएम देश की जनता से बड़े नहीं हैं, वह देश से बड़े नहीं हैं, वह संसद या सुप्रीम कोर्ट से भी बड़े नहीं हैं.

इसे भी पढ़ें- कर्नाटक में सत्ता की जंग : आखिर क्यों सवालों में रही राज्यपाल की भूमिका ? 

राहुल के बयान की बीजेपी ने की निंदा

राहुल गांधी की प्रेसवार्ता के दौरान उनके द्वारा प्रधानमंत्री मोदी को भ्रष्ट कहने और अमित शाह को मर्डर का आरोपी कहे जाने पर बीजेपी ने सख्त ऐतराज जताया है. एक टीवी प्रोग्राम के दौरान बीजेपी प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन ने कांग्रेस अध्यक्ष को अब तक के सबसे असफल कांग्रेस लीडर बताते हुए कहा कि जिस कांग्रेस ने देश की कई दशकों तक दुर्दशा की, उसके नेता के द्वारा दूसरों पर आरोप लगाना स्वीकार्य नहीं है. शाहनवाज ने कहा कि राहुल गांधी शब्दों की मर्यादा भूल गए हैं. पीएम और बीजेपी अध्यक्ष पर उनकी टिप्पणी दुर्भाग्यपूर्ण है. वहीं केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने राहुल गांधी को निशाने पर लिया. उन्होंने कहा कि जो कांग्रेस नैतिकता की बात कह रही है, उसने चुनाव में जेडीएस को बीजेपी की बी टीम कहा था. बाद में दोनों सत्ता के लिए एक हो गए. जावड़ेकर ने ये भी कहा कि अपुष्ट सबूतों को लेकर कांग्रेस ने बीजेपी पर विधायकों की खरीद फरोख्त का आरोप लगाया है. हमने बीजेपी ने किसी को नहीं खरीदा, बल्कि आंकड़ा न होने पर सीएम येदियुरप्पा ने इस्तीफा दे दिया.      

न्यूज विंग एंड्रॉएड ऐप डाउनलोड करने के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पेज लाइक कर फॉलो भी कर सकते हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

Back to top button