News Wing Ramgarh, 22 November: रामगढ़ के पतरातू मेन रोड बैंक से रुपया निकाल कर घर जा रही महिला के हाथ से बैग छीन कर भाग रहे अपराधियों को ग्रामीणों ने पकड़कर जमकर धुनाई कर दी, जिससे अपराधी गंभीर रूप से घायल हो गये. घायलों को इलाज के लिए रिम्स में भर्ती कराया गया है. वहीं घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचकर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.
बताया जाता है कि सलगा, केरेडारी निवासी कौशल्या देवी अपने भतीजे देवनाथ कुमार साव के साथ पैसा निकालने पतरातू मेन रोड स्थित बैंक ऑफ इंडिया पहुंची. वहां से करीब ₹30000 निकाल कर वापस मोटरसाइकिल से भतीजे के साथ घर लौट रही थी. इसी बीच सरिया के निकट मोटरसाइकिल पर सवार दो अपराधियों ने रुपयों से भरा बैग महिला के हाथ से झपट लिया और भागने लगे.
कौशल्या देवी के भतीजे देवनाथ ने पीछा कर अपराधियों को भुरकुंडा में जा कर ग्रामीणों के सहयोग से पकड़ लिया. जिसके बाद ग्रामीणों ने दोनों अपराधियों की जमकर धुनाई कर दी. जिससे दोनों अधमरा हो गए. दोनों को पुलिस कब्जे में लेकर स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया, जहां दोनों की स्थिति को गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने रिम्स रेफर कर दिया.




