Uncategorized

अंडा व्यवसायी के.डी. सिंह के बेटे पर हमला, बाल बाल बचे

रांची: बुधवार की रात करीब 8:15 बजे लोअर बाजार थाना क्षेत्र स्थित थड़पखना मुहल्ले में व्यवसायी पुत्र राजेश कुमार सिंह को लगभग सात की संख्या में आये अपराधियों ने राड और डंडे से मारने का प्रयास किया। स्थिति को भांपते हुए किसी तरह राजेश वहां से बचकर भागने लगे और मुहल्ले के ही एक मकान में घुस गये। ये युवक वहां भी पहुंचे और राजेश को वहां नहीं पाकर मकान के अंदर खड़ी बुल्लेट को रॉड से क्षतिग्रस्त कर दिया। हमला करने के बाद सभी युवक भागने में सफल रहे। इस मकान में लगे सीसीटीवी फुटेज में अपराधियों की गतिविधियां रिकार्ड हुई हैं पर कैमरे के सामने तेज रौशनी होने के कारण चेहरा स्पष्ट नहीं हो पा रहा है। मुहल्ले के लोगों ने भाग रहे अपराधियों में से एक युवक को पकड़ लिया और उसे पुलिस को सौंप दिया। हिरासत में लिया गया युवक इस घटना में शामिल होने से इंकार कर रहा है। काफी हो हंगामा के बाद युवक को थाना ले जाया गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि अंडा व्यवसायी के. डी. सिंह के पुत्र राजेश के इंतजार में युवक पहले से थड़पखना के साउथ समाज स्ट्रीट में उनके घर के समीप खड़े थे। रात को राजेश मेन रोड स्थित अपने दुकान से घर लौट रहे थे। जब वो घर के समीप पहुंचे, इन युवकों ने उनपर हमला कर दिया। युवकों ने कुछ दूर तक उन्हें दौड़ाकर मारने का प्रयास किया। लेकिन भीड़ जुटता देख वहां से भाग गये। घटना के संबंध में लोअर बाजार थाने में लिखित शिकायत दर्ज करायी जा रही है। वहीं सदर डीएसपी घटनास्थल का जायजा लेने पहुंच गये हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

Back to top button