News Wing
Ranchi, 27 August: दुनिया 21वीं सदी में पहुंच चुकी है. हम हर क्षेत्र में प्रगति कर रहे हैं. शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में केंद्र और राज्य सरकार की ओर से कई कार्यक्रम चलाये जा रहे हैं. इसके बावजूद आज भी अंधविश्वास के कारण गांव-देहातों में आये दिन लोगों की मौत होती रहती है. ताजा मामला साहिबगंज का है जहां एक बच्ची को सांप ने काट लिया था, बच्ची के परिजन उसका इलाज कराने के बजाए उसे ओझा के पास ले गये. ओझा ने झाड़फूंक किया और भरोसा दिलाया की बच्ची बिल्कुल ठीक हो जायेगी. लेकिन ठीक होने के बजाए बच्ची की तबीयत और बिगड़ती गयी और रविवार को उसकी मौत हो गयी.
बाबा ने तीन घंटे में ठीक करने का किया था दावा
घटना साहिबगंज के तालझारी थाना क्षेत्र के हरिनकोल गांव की है. शनिवार को झकसा मंडल की 13 साल की बेटी ललिता कुमारी अपने घर के अंदर मोबाइल को चार्ज करने के लिए गये थी. इसी दौरान पहले से घर में छिपे जहरीले सांप ने उसे काट लिया. इसके बाद लड़की के परिजनों ने पास के गांव से झाड़फूंक करने वाले एक बाबा को बुलाया. बाबा ने आकर झाड़फूंक किया औऱ कहा कि 3 घंटे में बच्ची एकदम ठीक हो जायेगी, लेकिन तबीयत बिगड़ती गयी और बच्ची की मौत हो गई. घटना के बाद घरवालों का रो-रो कर बुरा हाल है.




