Uncategorized

रांची में फिल्‍म फेस्टिवल शुरू

|| रणजीत वर्मा ||
रांची : फिल्‍म विकास निगम के गठन के संकल्‍प के साथ आज यहां पहला सिनेमा फेस्टिवल ‘सुहाना सफर’ शुरू हो गया। इस सफर में साथ देने पहुंचे राज्‍यभर के रंगकर्मी और देश के विख्‍यात निर्माता, निदेशक एवं कुछ अभिनेता भी। सभी की राय थी कि इस तरह का आयोजन हर साल होना चाहिए। मुख्‍यमंत्री ने इस बात पर सहमति जतायी है।

यहां रेलवे स्‍टेशन से नजदीक क्‍लब कमप्‍लेक्‍स में झारखंडी ढोल नगाड़ों, पारंपरिक छउवा नृत्‍य के बीच राज्‍य के मुख्‍यमंत्री अर्जुन मुंडा ने गुब्‍बारा उड़ाकर कार्यक्रम की शुरूआत की। क्‍लब परिसर में फिल्‍मों से संबंधित एक प्रदर्शनी भी लगायी गयी है। पारंपरिक वाद्ययंत्रों की धुन इतनी रोमांचित कर रही थी कि लोग खुद को रोक नहीं पर रहे थे।

कार्यक्रम के मुख्‍य अतिथि राज्‍य के मुख्‍यमंत्री अर्जुन मुंडा थे जो तय समय से कुछ देर से समारोह स्‍थल पर पहुंचे थे। कार्यक्रम की औपचारिक शुरूआत के बाद उन्‍होंने कहा कि बहुत जल्‍द राज्‍य में फिल्‍म विकास निगम का गठन हो जाएगा। उन्‍होंने कहा कि इससे इस क्षेत्र के लोगों के अवसर के साथ सुविधाएं मिल सकेंगी।
मुमं. मुंडा ने राज्‍य में आउटडोर स्‍टूडियो बनाए जाने की बात कही। इसे पतरातू में बनवाने की योजना है। इसी बीच निर्माताओं व निर्देशकों की सुरक्षा संबंधी चिंता पर उन्‍होंने आश्‍वस्‍त किया कि राज्‍य की तरफ से सुरक्षा का हर इंतजाम करवाया जाएगा। इसके अलावा उन्‍होंने कहा कि हर साल फिल्‍म फेस्टिवल का आयोजन होगा।

इस उद्घाटन कार्यक्रम में दादा साहब फाल्‍के द्वारा निर्मित पहली मूक फिल्‍म राजा हरिशचंद्र उपस्थित दर्शकों को दिखायी गयी। भारतीय फिल्‍म समारोह निदेशालय के राजीव जैन के अपने विचार रखते हुए कहा कि निदेशालय का मकसद है कि अच्‍छी फिल्‍मों की संस्‍कृति को बढावा दिया जाए। भाषा का प्रसार राष्‍ट्रीय स्‍तर पर हो।
सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के उप निदेशक आलोक कुमार ने आयोजन के संबंध में बताया कि ऐसे आयोजन से रांची में नयी फिल्‍म संस्‍कृति का विकास होगा। लोगों में इसका उत्‍साह देखा जा सकता है। आयोजन में फिल्‍म के सफर पर एक प्रदर्शनी भी लगायी गयी है। हर दिन कई प्रतिस्‍पर्धा बच्‍चों के लिए आयोजित होंगी।

भारतीय सिनेमा के एक सौ वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्‍य में 22 कलाकारों ने फिल्‍म से संबंधित चित्र प्रदर्शनी लगायी है। इस कार्यक्रम का आयोजन झारखंड सूचना एवं जनसंपर्क विभाग एवं भारतीय फिल्‍म समारोह निदेशालय के सम्मिलित प्रयास से किया जा रहा है। अगले तीन दिनों तक चुनिंदा इक्‍कीस फिल्‍मों की सूची बनायी गयी है जो दर्शकों को दिखायी जाएंगी। बुधवार से ही इसकी शुरूआत हो गयी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

Back to top button