News Wing
Ranchi, 10 September: अरगोड़ा थाना क्षेत्र में एक बुर्जुग दंपत्ति के द्वारा कथित तौर पर आत्महत्या करने के मामले ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है. बताया जाता है कि कार्तिक उरांव चौक के पास रहने वाले इस दंपत्ति ने संपत्ति विवाद से तंग आकर अपने ही घर में जहर खाकर आत्महत्या कर ली है. मृतकों की पहचान अशोक शर्मा और उनकी पत्नी यशोदा शर्मा के रूप में हुई है. घटना की जानकारी मिलते ही अरगोड़ा थाने की पुलिस मौके पर पहुंचकर छानबीन में जुट गयी है.
घटनास्थल से मिला सुसाइड नोट
पुलिस ने घटनास्थल से एक सुसाइड लेटर भी बरामद किया है. बरामद सुसाइड लेटर में मृतक अशोक शर्मा ने आत्महत्या की वजह अपने भाई के साथ जारी संपत्ति विवाद को बताया है. पुलिस ने बताया है कि सुसाइड लेटर में यह भी लिया हुआ है कि उनका स्वास्थ्य हमेशा खराब रहता था, इसके बावजूद संपत्ति में बंटवारे को लेकर उन्हें लगातार टॉर्चर किया जा रहा था. पुलिस दंपति के मौत को संदेह की दृष्टि से देख रही है. पुलिस ने घर से कई सबूतों को इकठ्ठा कर जांच के लिए फॉरेंसिक लैब भेज दिया है. अन्य संभावनाओं के मद्देनजर भी जांच की जा रही है. सुसाइड लेटर की हैंडराइटिंग और मृतक की हैंडराइटिंग की मिलान के बाद ही पुलिस किसी निष्कर्ष तक पहुंचेगी.




