राष्ट्रीय अध्यक्ष और कार्यकर्ताओं के प्रति जताया आभार
कार्यकर्ताओं से मिशन 2019 की तैयारी में जुट जाने का किया आह्वान
NEWSWING
Ranchi, 05 November : पूर्व मंत्री अन्नपूर्णा देवी झारखंड राजद की निर्विरोध अध्यक्ष चुनी गयी. राज्य निर्वाचन पदाधिकारी अर्जुन यादव ने उनके निर्विरोध प्रदेश अध्यक्ष चुने जाने की घोषणा की. उन्होंने कहा कि अध्यक्ष पद के लिए एकमात्र नामांकन अन्नपूर्णा देवी का था. अध्यक्ष चुने जाने के बाद पार्टी कार्यालय में उपस्थित कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अन्नपूर्णा देवी ने इसके लिए राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू यादव और पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं के प्रति आभार जताया. उन्होंने कार्यकर्ताओं से मिशन 2019 की तैयारी में जुट जाने का आह्वान किया. कहा कि उन्हें जिस आशा और विश्वास के साथ पार्टी ने यह जिम्मेवारी दी है, उसपर खड़ा उतरने का पूरा प्रयास करेगी. उन्होंने कहा कि पार्टी का हर कार्यकर्ता अध्यक्ष है और पूरी जिम्मेवारी के साथ संगठन का काम करने के लिए स्वतन्त्र है. संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करना है. उन्होंने कार्यकर्ताओं से सरकार की गलत नीतियों को जनता के बीच ले जाने का आह्वान किया.
8 को नोटबंदी और जीएसटी के खिलाफ काला दिवस
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष ने 8 नवंबर को नोटबंदी और जीएसटी के विरोध में पुरे देश में काला दिवस के रूप में मनाने का आह्वान किया है. झारखंड के कार्यकर्ता भी पूरे प्रदेश में पंचायत स्तर पर नोटबंदी और जीएसटी के विरोध में सड़क पर उतरें. कहा कि भाजपा इसी दिन नोटबंदी और जीएसटी को लेकर जश्न माननेवाली है. भाजपा बताये वो किस चीज का जश्न मना रही है. कतार में पैसे के लिए खड़े लोगों की मौत का जश्न है या नोटबंदी के नाम पर पूंजीपतियों को पिछले दरवाजे से की गयी सरकारी सहायता का जश्न है या आनन फानन में जीएसटी थोपकर छोटे और मंझोले व्यापारियों की आर्थिक रूप से कमर तोड़ने का जश्न है. राजद के कार्यकर्ता भाजपा सरकार को बता दें की जबरन जनता पर थोपी जानेवाली नीति को किसी कीमत पर बर्दास्त नहीं किया जाएगा.




