वाशिंगटन, 17 मार्च । प्रतिष्ठित प्रत्रिका ‘टाइम’ ने अपने कवर पर गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर प्रकाशित की है और साथ ही कहा है कि वह भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार के रूप में वर्ष 2014 के लोकसभा चुनावों में कांग्रेस के प्रधानमंत्री पद के सम्भावित उम्मीदवार व पार्टी महासचिव राहुल गांधी के समक्ष कड़ी चुनौती पेश कर सकते हैं।
पत्रिका ने मोदी को अपने 26 मार्च के एशिया संस्करण के कवर पर जगह दी है। पत्रिका के कवर पर ‘मोदी मतलब कामकाज लेकिन क्या वह भारत का नेतृत्व कर सकते हैं।’ शीर्षक के साथ मोदी की तस्वीर प्रकाशित की गई है। पत्रिका में मोदी को एक ‘विवादास्पद, महात्वाकांक्षी एवं चतुर राजनीतिज्ञ बताया गया है।’
पत्रिका के मुताबिक, “ज्यादातर भारतीय प्रधानमंत्री के रूप में किसी भी ऐसे व्यक्ति को चुनने से परहेज करेंगे जिसका नाम वर्ष 2002 के गुजरात दंगों से जुड़ा हो। मोदी को भारत का प्रधानमंत्री चुने जाने का मतलब होगा देश की राजनीतिक धर्मनिरपेक्ष परम्परा को खारिज करना और इससे पाकिस्तान में जहां मोदी से नफरत किया जाता है, के साथ भारत का तनाव निश्चित रूप से बढ़ेगा।”
टाइम के अनुसार, “लेकिन एक वर्ग जब किसी ऐसे व्यक्ति के बारे में सोचता है कि जो देश को भ्रष्टाचार के दलदल और निकम्मेपन से उबार सकता हो, एक ऐसा नेता जो देश को विकास के पथ पर आगे बढ़ाते हुए चीन की बराबरी पर ला दे तो निश्चित रूप से मोदी का नाम आता है।”
अमेरिकी पत्रिका का कहना है कि मोदी अगले आम चुनावों में कांग्रेस की ओर से प्रधानमंत्री पद के सम्भावित उम्मीदवार राहुल गांधी को कड़ी चुनौती पेश कर सकते हैं।
पत्रिका के मुताबिक, “भारत के वर्ष 2014 के आम चुनाव होने में अभी दो वर्ष शेष हैं और कांग्रेस अपने युवा तुर्क सोनिया गांधी के पुत्र राहुल के बारे में सोचती है कि वह पार्टी में एक नया उत्साह पैदा करेंगे लेकिन हाल ही में विधानसभा चुनावों में मिली जबर्दस्त हार से राहुल कमजोर नजर आ रहे हैं।”




