
Mumbai : 18 वर्षीय एक छात्र ने बंबई उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाकर मध्य मुंबई में कमला मिल परिसर में एक पब में गत 29 दिसंबर को लगी भीषण आग की घटना की सीबीआई जांच कराने का निर्देश देने की मांग की है. उस हादसे में 14 लोगों की मौत हुई थी. ब्रिटेन में पढ़ रहे गर्व सूद ने अदालत से यह भी अनुरोध किया है कि कमला मिल्स के मालिकों के खिलाफ भी आईपीसी की धारा 304 के तहत आरोप लगाये जाएं.
सिर्फ पब मालिकों के खिलाफ मामला दर्ज करना पर्याप्त नहीं
सूद के वकील प्रकाश वाघ ने बताया कि याचिका एक जनवरी को दायर की गयी. हम चार जनवरी को अवकाश समाप्त होने पर उच्च न्यायालय के कामकाज शुरू करने के बाद याचिका के सुनवाई के लिये आने का इंतजार करेंगे. याचिका में कहा गया है कि सिर्फ ‘1 एबव’ पब के मालिकों के खिलाफ मामला दर्ज करना पर्याप्त नहीं है. कमला मिल्स के मालिक भी घटना के लिये समान रूप से जिम्मेदार हैं. सीबीआई को घटना की जांच करने के लिये कहा जाना चाहिये. मुंबई पुलिस ने सोमवार को ‘1 एबव’ पब के दो प्रबंधकों को गिरफ्तार किया. हालांकि, मुख्य आरोपी–पब के मालिक अब भी फरार हैं.
क्या है पब हादसा
मुंबई के लोवर परेल इलाके में स्थित कमला मिल्स परिसर में भयंकर आग लगने से कम से कम 14 लोगों की मौत हो गयी जबकि 19 अन्य घायल हो गये हैं. शहरी निकाय के एक अधिकारी ने बताया कि सेनापति बापट मार्ग पर स्थित एक चार मंजिला इमारत की तीसरी मंजिल पर आधी रात के बाद आग लग गई. यह इलाका मुंबई का महत्वपूर्ण व्यावसायिक क्षेत्र है. घटना के दौरान कुछ लोगों ने सेल्फी लेने की कोशिश की, जबकि कुछ अन्य नशे में धुत थे. इस वजह से लोगों को वहां से बाहर निकालने में देर हुई.
न्यूज विंग एंड्रॉएड ऐप डाउनलोड करने के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पेज लाइक कर फॉलो भी कर सकते हैं.




