Uncategorized

महात्मा गांधी के रांची आगमन के 100 वर्ष पूरे होने पर रांची में कार्यक्रम आयोजित

रांची: राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि हमें गर्व है, अपने टाना भगतों पर जिन्होंने आजादी के 70 वर्ष बाद भी महात्मा गांधी के आदर्शों को अपने जीवन में संजोये रखा है। सामाजिक और आर्थिक रूप से कमजोर होने के बाद भी वे महात्मा गांधी के विचारों को पुजते हैं। आज जरुरत है कि हर व्यक्ति महात्मा गांधी के विचारों को अपने जीवन में उतारे। वे रविवार को आड्रे हाउस में महात्मा गांधी के रांची आगमन के 100 वर्ष पूरा होने के अवसर पर आयोजित समारोह में उपस्थित लोगों को संबोधित कर रही थी।

राज्यपाल ने कहा कि आज का दिन ऐतिहासिक दिन है। आज के दिन ही महात्मा गांधी ने आड्रे हाउस में लोगों के हित की बात अंग्रेजी हुकुमत से की थी। श्रीमती मुर्मू ने सरकार से आड्रे हाउस का नाम बदल कर महात्मा गांधी मेमोरियल करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि लोग छोटी- छोटी बातों पर लड़ना छोड़ें और देश के विकास के लिए काम करें।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि आजादी की लड़ाई के दौरान राष्ट्रपिता महात्मा गांधी हमेशा कहते थे कि स्वराज के साथ-साथ सुराज भी जरूरी है। भारत की आत्मा गांव में बसती है और जब तक गांव का विकास नहीं होगा, देश विकसित नहीं हो सकता है। उनका मानना था कि ग्राम को स्वावलंबी बना कर ही हम राष्ट्र को मजबूत बना सकते हैं। आजादी के 70 वर्षों के बाद भी उनकी बातें प्रासंगिक हैं। बापू के सपनों के अनुरूप केंद्र और राज्य सरकार गांवों को समृद्ध और शक्तिशाली बनाने के लिए कृत संकल्पित है।

श्री दास ने कहा कि पंचायती राज की मजबूती के लिए पिछले वर्ष 24 अप्रैल को देश के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने जमशेदपुर से ग्रामोदय से भारत उदय की शुरुआत की है। इससे पंचायतों को मजबूती मिलेगी। लोग अपने गांव की कल्याण योजनाएं जरूरत के मुताबिक बना सकेंगे। राज्य सरकार ने पंचायत सचिवालय का गठन किया है। ये गांव में मुखिया की मदद करने के साथ ही विकास की दिशा में सहयोग करेंगे। गांवों में कुटीर और लघु उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए मुख्यमंत्री उद्यमी सखी मंडल का गठन किया जा रहा है। अगले तीन-चार माह में इसका काम दिखने लगेगा। गांव की महिलाओं को जोड़ कर उन्हें सक्षम बनाया जायेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज हमें आजादी के लिए बलिदान देने की जरूरत नहीं है, लेकिन महात्मा गांधी के सपनों को पूरा करने के लिए हमें अपना काम ईमानदारी से करने की जरूरत है। यही काम हमारे देश को विकसित बना सकता है। उन्होंने कहा कि कुछ लोग समाज का वातावरण खराब करने पर तुले हैं। समाज भी ऐसे लोगों को चिह्नित कर बहिष्कृत करें। यह भी बापू को श्रद्धांजलि होगी।
महात्मा गांधी के प्रथम बार रांची आगमन के 100 वर्ष पूरा होने के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम के अवसर पर सभी अतिथियों ने महात्मा गांधी की तस्वीर पर माल्यार्पण किया। इस अवसर पर संजय लाल द्वारा निर्देशित नाटक का मंचन भी किया गया।

कार्यक्रम में पद्मश्री मुकुन्द नायक, विधानसभा अध्यक्ष दिनेश उरांव, नगर विकास मंत्री सी0पी0 सिंह, संसदीय कार्य मंत्री सरयू राय, झारखंड राज्य खादी व ग्रामोद्योग बोर्ड के अध्यक्ष संजय सेठ, मंत्रिमंडल सचिवालय के सचिव एस एस मीणा, पर्यटन, खेलकूद, कला संस्कृति विभाग के सचिव राहुल शर्मा सहित अन्य अधिकारी एवं पदाधिकारी मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

Back to top button