कोलकाता: भारत के पूर्व प्रधान न्यायाधीश न्यायमूर्ति अल्तमस कबीर का रविवार को निधन हो गया। वह 68 वर्ष के थे। वह पिछले कुछ दिनों से बीमार थे।
कबीर के निधन पर शोक जताते हुए पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि देश ने एक कानूनी प्रकाशपुंज खो दिया।
उन्होंने एक ट्वीट में कहा, “मेरी संवेदनाएं उनके परिवार/साथियों के साथ हैं। भारत तथा बंगाल ने एक कानूनी प्रकाशपुंज खो दिया।”
कबीर देश के 39वें प्रधान न्यायाधीश बने थे, जिनका कार्यकाल 29 सितंबर, 2012 से 19 जुलाई, 2013 तक था।
19 जुलाई, 1948 को जन्मे कबीर ने 1973 में एक वकील के रूप में अपना करियर शुरू किया था। उन्होंने जिला न्यायालयों तथा कलकत्ता उच्च न्यायालय में दीवानी तथा आपराधिक दोनों ही मामले देखे।
उन्हें छह अगस्त, 1990 को कलकत्ता उच्च न्यायालय में स्थायी न्यायाधीश नियुक्त किया गया था और एक मार्च, 2005 को वह झारखंड उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश बने।
वह नौ सितंबर, 2005 को सर्वोच्च न्यायालय के न्यायाधीश बने थे।




