News Wing
New Delhi, 12 December: दुनियाभर में रोजगार के अवसरों को लेकर बेहतर उम्मीद रखने वाले देशों में भारतीय कंपनियों का तीसरा स्थान है. भारतीय कंपनियों में 22 प्रतिशत को अगले तीन माह के दौरान नई भर्तियां करने की उम्मीद है. इस मामले में ताइवान सबसे शीर्ष पर है. एक अध्ययन में यह बात कही गई है.
अध्ययन देशभर में विभिन्न उद्योग क्षेत्रों में किया गया
रोजगार सलाहकार कंपनी मैनपावर ग्रुप इंडिया के इस अध्ययन के मुताबिक उसकी निगरानी वाले सभी सातों उद्योग क्षेत्रों और देश के चारों क्षेत्र में कार्यबल की भर्ती होने की उम्मीद है. यह अध्ययन देशभर में विभिन्न उद्योग क्षेत्रों में किया गया है और इसके तहत 4,500 कंपनी मालिकों से बातचीत की गई. दुनियाभर के 43 देशों में 59,000 नियोक्ताओं से बातचीत की गई है.
यह भी पढ़ें: घरेलू कंपनियों में महिलाओं के लिए अवसर बढ़ाने का कार्यक्रम अप्रभावी: अध्ययन
भर्ती को लेकर सकारात्मक रुख बताने वाले के साथ ताइवान सबसे शीर्ष
भर्ती को लेकर सकारात्मक रुख बताने वाले 25 प्रतिशत नियोक्ताओं के साथ ताइवान सबसे शीर्ष पर रहा. इसके बाद 24 प्रतिशत उम्मीद जताने वालों के साथ जापान दूसरे नंबर और 22 प्रतिशत के साथ भारत तीसरे नंबर पर रहा. अध्ययन में आस्ट्रेलिया, जापान, नार्वे, पोलैंड, रोमानिया और अमेरिका की कंपनियों ने पांच साल और इससे ज्यादा अवधि में बड़े पैमाने पर भर्ती की अपनी योजना बताई है.
यह भी पढ़ें: अगले साल वेतन वृद्धि बेहतर रहने की उम्मीद!
रोजगार के अवसरों में ब्राजील, चीन और भारत में उतार चढ़ाव के बाद अब स्थिति में सुधार
अध्ययन में एक और संकेत जो देखने को मिला है वह यह कि रोजगार के अवसरों में ब्राजील, चीन और भारत में हाल के दिनों में जो उतार चढ़ाव देखने को मिला था उसमें अब कमी आ रही है, यानी स्थिति में सुधार हो रहा है.
मैनपॉवर ग्रुप इंडिया के समूह प्रबंध निदेशक ए जी राव ने कहा, “कंपनियों को अपने कारोबार विस्तार के लिये प्रोत्साहित करने के वास्ते लगातार उपाय किये जा रहे हैं. इससे रोजगार बाजार को बढ़ावा मिलेगा. सेवा क्षेत्र, खनन और निर्माण, विनिर्माण और परिवहन तथा अन्य उपयोगी सेवाओं के क्षेत्र सहित सभी सातों क्षेत्र में नये लोगों को रोजगार देने को लेकर नियोक्ताओं की धारणा सकारात्मक रही.”
जनवरी से मार्च के दौरान उद्योग क्षेत्रों में नई नियुक्तियों में वृद्धि की उम्मीद
आगामी जनवरी से मार्च के दौरान सभी सातों उद्योग क्षेत्रों में नई नियुक्तियों में वृद्धि की उम्मीद है जबकि सेवा क्षेत्र के नियोक्ताओं ने रोजगार परिदृश्य में सबसे मजबूत 27 प्रतिशत बेहतरी की उम्मीद जताई है. नियोक्ताओं ने 2018 की पहली तिमाही के दौरान सभी चारों क्षेत्रों में वेतन सूची में वृद्धि की उम्मीद जताई है. सबसे मजबूत श्रम बाजार उत्तरी क्षेत्र में होने की उम्मीद है जहां 32 प्रतिशत रोजगार परिदृश्य की उम्मीद है.
न्यूज विंग एंड्रॉएड ऐप डाउनलोड करने के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पेज लाइक कर फॉलो भी कर सकते हैं.




