नई दिल्ली: टीम इण्डिया के पूर्व कप्तान अनिल कुंबले उत्तर कर्नाटक सीट से भाजपा के टिकट पर लोकसभा चुनाव लड़ सकते हैं। एक समाचार पत्र ने कुंबले के करीबी सूत्रों के हवाले से यह खबर दी है।
अगर कुंबले चुनाव लड़ने के लिए तैयार होते हैं तो लोकसभा चुनाव लड़ने वाले वे पांचवे क्रिकेटर बन जाएंगे। कुंबले से पहले मंसूर अली खान पटौदी, मोहम्मद अजहरूद्दीन, चेतन चौहान और नवजोत सिंह सिद्धू लोकसभा चुनाव लड़ चुके हैं। कुंबले ने कुछ माह पहले कर्नाटक स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन (केएससीए) के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था।
सूत्रों के मुताबिक कुंबले ने नवंबर में फिर से केएससीए के अध्यक्ष पद के लिए इसलिए चुनाव नहीं लड़ा। क्योंकि वह लोकसभा चुनाव लड़ना चाहते हैं। सूत्रों के मुताबिक कुंबले ने केएससीए के अध्यक्ष पद से इसलिए इस्तीफा दे दिया। क्योंकि उनकी जिंदगी की बहुत बड़ी लड़ाई लड़ने की योजना और रणनीति है।
सुव्यवस्थित इंसान होने के कारण कुंबले ने कई नेताओं से संपर्क किया। सूत्रों के मुताबिक कुंबले सौ फीसदी प्रोफेशनल हैं और राजनीति में अपनी पारी को लेकर बहुत गंभीर हैं। दिसंबर 2012 में कुंबले ने नेशनल क्रिकेट एकेडमी के चेयरमैन पद से इस्तीफा दे दिया था। कुंबले काफी समय से राजनीति में आने पर विचार कर रहे थे।
जब भाजपा ने कुंबले से संपर्क किया तो उन्होंने पार्टी में शामिल होने को लेकर काफी वक्त लिया। उन्होंने फैसला लेने से पहले अपने परिवार के सदस्यों और मित्रों से सलाह ली। कुंबले को भाजपा के उम्मीदवारों की लिस्ट में शामिल करवाने के पीछे कर्नाटक के एक पूर्व मुख्यमंत्री का हाथ है।
इसी पूर्व मुख्यमंत्री ने कुंबले को राजनीति में करियर बनाने और लोकसभा चुनाव लड़ने के लिए प्रोत्साहित किया। सूत्रों ने उस मुख्यमंत्री का नाम बताने से इनकार कर दिया। सूत्रों के मुताबिक पूर्व मुख्यमंत्री कुंबले के अच्छे मित्र हैं। वे पूर्व क्रिकेटर से काफी लंबे वक्त से जुड़े हुए हैं।




