Uncategorized

बोरो प्लेयर से कब्बडी मैच जीती जा सकती है, राजनीति नहीः बीजेपी

NEWS WING

Ranchi, 23 November: डॉ. अजय कुमार ने कांग्रेस के झारखंड प्रदेश अध्यक्ष बनते ही बीजेपी पर निशाना साधा. रघुवर सरकार पर आरोप लगाया कि वो कॉरपोरेट घरानों को कौड़ी के भाव जमीन दे रही है. खास कर 21 नवंबर को कैबिनेट की बैठक में लिए गए फैसले जिसमें बुंडु प्रखंड में 62.26 एकड़ जमीन ग्रेट इंडिया टैलेंट फॉउनडेशन और अक्षय पात्र को दी जा रही है, उस पर श्री कुमार ने जमकर निशाना साधा. जवाब देते हुए बीजेपी ने भी अजय कुमार पर निशाना साधा है. बीजेपी ना सिर्फ इस बयान पर आपत्ति जता रही है, बल्कि अजय कुमार के प्रदेश अध्यक्ष बनने पर भी आपत्ति जता रही है.

अजय कुमार पहले ये बताएं कि फिरोज खान कौन हैः प्रतुल शाहदेव

बीजेपी के प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने बीजेपी के प्रदेश कार्यालय में मीडिया के सामने कहा कि कांग्रेस बोरो प्लेयर ला कर राजनीति में हो रहे खेल को जीतना चाहती है. लेकिन, ऐसा कतई संभव नहीं है. बोरो प्लेयर लाकर सिर्फ कब्बडी या फिर दूसरे खेल के मैच जीते जा सकते हैं. राजनीति में बोरो प्लेयर का कोई रोल नहीं है. कहा कि अजय कुमार पुलिसिया मानसिकता से नहीं उभर पाए हैं. जनता ने उन्हें जब मौका दिया तो वो दिल्ली जाकर आराम फरमाने लगे. उसका नतीजा उन्हें दूसरे ही चुनाव में दिखायी दे दिया. कहाः कॉरपोरेट मानसिकता से अजय कुमार ग्रसित हैं. वो पुलिस की नौकरी छोड़ कर पहले टाटा की गोद में बैठ गए. पता नहीं आनन-फानन में कैसे कांग्रेस ने इन्हें अपना प्रदेश अध्यक्ष बना लिया है. उनका प्रदेश अध्यक्ष बनना सुबोधकांत सहाय, प्रदीप बालमुचू और सुखदेव भगत के मुंह पर तमाचा है. उन्होंने कहा कि एक फोटो आजकल वायरल है. कहा कि अजय कुमार के साथ मांगों  दंगा का फरारी अभियुक्त फिरोज खान उस फोटो में है. वो उन्हें मिठाई खिला रहा है. कहा कि अजय कुमार पहले ये बताएं कि वो फरारी के साथ कर क्या रहे हैं.

जेएमएम का लोकतंत्र पर विश्वास नहीं: बर्णवाल

प्रदेश प्रवक्ता दीनदयाल बर्णवाल ने कहा कि जेएमएएम का लगता है लोकतंत्र पर से विश्वास ही उठ गया है. नहीं तो एक राजनीतिक पार्टी राज्य के विधानसभा के स्थापना दिवस समारोह से कैसे गायब रह सकती है. कहाः जेएमएम लाठी और तीर-धनुष के दम पर करोड़ों कमा चुकी है और उसी का धौंस दिखा कर जनता को डराने का काम कर रही है. जेएमएम ने विधानसभा स्थापना दिवस में शामिल नहीं हो कर लोकतंत्र में पाप किया है.   

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

Back to top button