Bokaro : सीसीएल बीएंडके प्रक्षेत्र के करगली वाशरी परियोजना के बालू बैंकर स्थित रिजेक्ट सेल प्वाइंट में चाल धंसने से हुई मौत नरगिस खातून कि मौत का आखिर जिम्मेवार कौन है. बार-बार हो रही घटना के बाद भी आखिर प्रशासन व प्रबंधन चुप क्यों है. यह सवाल इसलिए उठ रहा है क्योंकि बालू बैंकर स्थित रिजेक्ट सेल में अब तक लगभग तीन लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो चुके है. कोयला उठाव को लेकर प्रबंधन का सेप्टी विभाग आखिर क्या कर रहा था. सुरक्षा मापदंड की धज्जियां उड़यी जा रही है, घटना के बाद आखिर मामले को क्यों दबाने का प्रयास किया जाता है. रिजेक्ट सेल सीसीएल प्रबंधन चला रही है, या लोकल कमेटी के द्वारा संचालित किया जा रहा है.
शुक्रवार को हुई घटना में नरगिस खातून की मौत हो गयी, वहीं ऐतवारी देवी, व फतिमा खातून गंभीर रूप से घायल हो गयी. इधर यहां पूर्व में घटी घटना में रिजेक्ट सेल के मापदंड के उल्लंघन के आरोप में पूर्व पीओ एएल सिंह को प्रबंधन के द्वारा चार्जशीट किया गया है, वहीं पूर्व जीएम अनुराग कुमार, पीओ डी सिंह और सेल आफिसर एसके सिन्हा का ट्रांसफर किया गया था. वहीं वाशरी के दो कलर्क श्यामलाल सिंह व शरण सिंह राणा को तीन वर्ष पूर्व नौकरी से वखास्त कर दिया गया था.
अवैध वसूली का अड्डा रिजेक्ट सेल
रिजेक्ट कोयले के उठाव में नियमों कि खुलेआम धज्जियां उड़ायी जाती है. उक्त डिपो से केवल हाईवा के माध्यम से कोयले का उठाव किया जाता है, साथ ही लोडिंग पेलोडर से होनी है, लेकिन यहां अनाधिकृत ट्रक मालिकों के द्वारा स्थानीय लोगों से औने- पौने दाम पर चुना हुआ कोयला खरीदा जाता है. जो बाहर कि मंडियों में महंगे दामों में बेची जाती है. सेल में ट्रक लगाने से लेकर कोयला निकलने तक की प्रक्रिया में स्थानीय माफिया तत्व की भूमिका अहम होती है. ट्रक चालकों से बकायदा मोटी रकम की अवैध वसूली कि जाती है.
रिजेक्ट सेल में प्रतिमाह 72 लाख का घालमेल
विस्थापित नेता काशीनाथ केवट ने बताया कि रिजेक्ट कोल के अवैध वसूली में प्रबंधन, पुलिस को भी कमेटी के द्वारा मैनेज किया जाता है. आकड़ों की मानें तो अगर प्रतिदिन 120 ट्रक लोडिंग होती है तो प्रति ट्रक 2 हजार वसूली किया जाता है. इस हिसाब से प्रतिदिन 2 लाख 40 हजार की अवैध वसूली की जा रही है. यानी प्रतिमाह लगभग 72 लाख का घालमेल रिजेक्ट सेल में किया जाता है.
क्या कहते हैं बी एंड के प्रक्षे़त्र के जीएम
सीसीएल बी एंड के प्रक्षे़त्र के जीएम रामविनय सिंह ने कहा कि रिजेक्ट कोल का उठाव पेलोडर से ही करना है. टेंडर लेने वाले संवेदकों को इसका अनुपालन हर हाल में करना होगा.
न्यूज विंग एंड्रॉएड ऐप डाउनलोड करने के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पेज लाइक कर फॉलो भी कर सकते हैं.




