Uncategorized

बॉलीवुड अभिनेत्री मलिका राजपूत ने बीजेपी को छोड़कर थामा कांग्रेस का ‘हाथ’, बीजेपी पर लगाए गंभीर आरोप

News Wing Desk

बीजेपी से अब तक उसके कई अपने जुदा हो चुके हैं और कुछ उसी राह पर हैं. एक-एक कर ये फेहरिस्त लंबी होती जा रही है. एक तरफ एनडीए के घटक रहे टीडीपी चंद्रबाबू नायडू और जीतनराम मांझी ने साथ छोड़ दिया, वहीं पार्टी के वरिष्ठ नेता यशवंत सिन्हा, अरुण शौरी और शत्रुघ्न सिन्हा ने बगावती तेवर पहले से अख्तियार कर रखा है. इस बीच दो साल पहले बीजेपी का दामन थामने वाली बॉलीवुड अभिनेत्री मलिका राजपूत ने भी पार्टी छोड़ दी है. इतना ही नहीं, उन्होंने भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए हैं. फिल्म ‘रिवॉल्वर रानी’ में कंगना रनौत के साथ काम कर चुकीं मलिका ने आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी इज्जत को खतरा था, इसलिए बीजेपी छोड़ने का फैसला किया. मलिका यूपी के सुल्तानपुर की निवासी हैं और उन्नाव एवं कठुआ में हुई गैँगरेप की घटनाओं ने उन्हें काफी दुख भी पहुंचाया है.

इसे भी देखें- जस्टिस लोया पर आये SC के फैसले पर बोले महेश पोद्दार – कांग्रेस षड्यंत्रकारियों की जमात, राहुल इसके सरगना  

बीजेपी को छोड़ थामा कांग्रेस का ‘हाथ’

इस बीच खबर ये भी है कि मलिका ने बीजेपी का साथ छोड़ते ही कांग्रेस का ‘हाथ’ थामा है. उन्होंने कहा, ‘इस तरह के मुद्दों (उन्नाव और कठुआ गैंगरेप) के बीच में आपको लगता है कि मैं एक महिला होने के नाते भाजपा में खुद को सुरक्षित महसूस कर सकती हूं? जो पार्टी अपनी राजनीतिक रोटी सेंकने के लिए किसी भी जगह हिंदू-मुस्लिम और दलित दंगा करा सकती है वो पार्टी क्या एक महिला का इस्तेमाल नहीं कर सकती है? मुझे लगता है कि इस पार्टी के अंदर मेरी आत्मिक अस्मिता को खतरा है, इसलिए भाजपा को छोड़ कर अपने घर वापस आ रही हूं.

2016 में थामा था कमल

मलिका राजपूत ने वर्ष 2016 में भाजपा का दामन थामा था. उस वक्त उन्होंने कहा था कि उन्हें एक ईमानदार पार्टी की जरूरत थी, इसलिए भाजपा में आने का फैसला लिया. इतना ही नहीं, मलिका प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर ‘शासक’ नाम से किताब भी लिख चुकी हैं. हालांकि, दो साल में ही भाजपा से उनका मोह भंग हो गया. अभिनेत्री ने तब कहा था कि राजनीति में आने का उनका मकसद पूरी तरह से स्पष्ट है. राजनीति के जरिये वह जनता की सेवा करना चाहती हैं. मलिका शुरुआत में सीएस की पढ़ाई करने के लिए दिल्ली आई थीं, लेकिन एक्टिंग के शौक चलते वह मुंबई चली गई थीं. वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव में मलिका एक्टर रवि किशन के साथ मिलकर कांग्रेस के लिए चुनाव प्रचार भी किया था. भाजपा छोड़ कर वह एक बार फिर से कांग्रेस में शामिल हुई हैं.

इसे भी देखें- NEWSWING IMPACT: कंबल घोटाला की खबर छपने के बाद हुई कार्रवाई, वापस लिए गए झारक्राफ्ट सीईओ के सारे पावर 

अंतरात्मा की आवाज या सियासत ?

इतना तो तय है कि हर इलेक्शन से पहले सियासी पार्टियों में आवागमन का एक दौर चल पड़ता है. सियासत में दल, चेहरे और रुतबा ही नहीं आदर्श भी बदलते रहते हैं. कभी कभी गैर भी अपने हो जाते हैं, तो कभी-कभी अपने भी गैर हो जाते हैं. अभिनेत्री का बीजेपी छोड़कर कांग्रेस में जाना उनकी अंतरात्मा की आवाज का मामला हो न हो, मगर 2019 का लक्ष्य जरूर नजर आ रहा है.

न्यूज विंग एंड्रॉएड ऐप डाउनलोड करने के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पेज लाइक कर फॉलो भी कर सकते हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

Back to top button