Uncategorized

बीसीसीआई ने दी रैना, जडेजा और ब्रावो को ‘क्लीन चिट’

नई दिल्ली : भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने उन सभी तीन खिलाड़ियों को ‘क्लीन चिट’ दे दी है जिन पर इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के पूर्व प्रमुख ललित मोदी ने एक भारतीय व्यवसायी से रिश्वत लेने का आरोप लगाया था। बीसीसीआई के सचिव अनुराग ठाकुर ने बताया, “तीनों खिलाड़ी जिनका नाम सामने आया है, वे अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) के जांच के दायरे में आते हैं। आईसीसी की भ्रष्टाचार-रोधी और सुरक्षा इकाई (एसीएसयू) ने मामले की जांच की है और यह उन पर निर्भर करता है कि वे क्या कहते हैं।”

ठाकुर के अनुसार, “अगर आईसीसी की जांच में कोई बात सामने आती तो वे हमसे बात करते। ऐसा हालांकि कुछ भी नहीं हुआ और ऐसे में हम मानते हैं कि यह खिलाड़ियों को क्लीन चिट मिलने जैसा है।”

मोदी द्वारा वर्ष-2013 के अक्टूबर में आईसीसी के मुख्य कार्यकारी डेविड रिचर्डसन को लिखे पत्र में आरोप लगाया गया था कि भारतीय खिलाड़ी सुरेश रैना, रवींद्र जडेजा और वेस्टइंडीज के ड्वायन ब्रावो ने एक भारतीय व्यवसायी जो कथित तौर पर सट्टेबाजी में भी लिप्त है, उससे नकद पैसे लिए।

यह तीनों खिलाड़ी आईपीएल में चेन्नई सुपरकिंग्स के लिए खेलते हैं।

आईसीसी ने रविवार को माना कि उन्हें मोदी का ई-मेल मिला था जिसमें उन्होंने तीन खिलाड़ियों को रिश्वत लेने का आरोपी बताया था।

आईसीसी के अनुसार यह सूचना एसीएसयू को मुहैया करा दी गई थी और उसने प्रक्रियाओं के अनुसार इस पर कार्यवाही की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

Back to top button