पटना : भाजपा की हुंकार रैली के दिन हुए धमाके से सबक लेते हुए जिला प्रशासन ने पटना के गांधी मैदान में होने वाली रैली के लिए नया प्रोटोकाल तय किया है। रैली के दौरान गांधी मैदान पहुंचने वाले एक-एक व्यक्ति की जांच होगी। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि गांधी मैदान की रैली के लिए बने इस नए प्रोटोकाल का सख्ती से अनुपालन किया जाएगा।
मुख्यमंत्री के अनुसार रैली के आयोजक खुद तो फुलप्रूफ सुरक्षा के घेरे में रहते हैं पर रैली में आए लोगों की सुरक्षा उनके लिए कोई खास मायने नहीं रखती। इस बात को ध्यान में रख गांधी मैदान के लिए नया प्रोटोकाल तैयार किया गया है। 27 अक्टूबर की रैली के दौरान हुए धमाके के बाद रात में मैंने घटनास्थल का निरीक्षण किया तो काफी बड़ी मात्रा में वहां पालिथीन बिखरा देखा। पटना के जिलाधिकारी से जब मैंने इस संबंध में पूछा तो बताया गया कि रैली में आए लोग अपने साथ लाए थे पालिथीन। गांधी मैदान की स्वच्छता को ध्यान में रख यह तय किया गया है कि रैली के पहले और रैली के बाद गांधी मैदान की पूरी सफाई की जाएगी। इस सफाई पर होने वाले खर्च का भुगतान रैली के आयोजकों को करना होगा। सैकड़ों लोग लगाए जाते हैं गांधी मैदान की व्यवस्था के लिए।




