
Muzaffarpur : बिहार में एक भीषण बस दुर्घटना में 27 लोगों की मरने की सूचना है. मुजफ्फरपुर से दिल्ली जा रही बस मोतिहारी के एनएच-28 पर कोटवा क्षेत्र में बंगरा के समीप मोगा होटल के समीप अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे उसमें आग लग गई. इस दुर्घटना में 27 लोगों की मौत हो गई. बस में कुल 32 लोग सवार थे. दुर्घटना के बाद बस से पांच लोगों को बाहर निकाला जा सका.
मालूम हो कि बस में 50 लोगों की सीट थी, लेकिन बस में 32 लोग ही सवार थे. मिली जानकारी के अनुसार बस काफी तेज गति से चल रही थी. तेज रफ्तार के कारण बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढ़े में पलट गई, जिससे बस में आग लग गई. घटना की सूचना मोतिहारी के चकिया अग्निशामक विभाग को दे दी गई है. मौके पर अग्निशामक वाहन ने पहुंचकर आग पर काबू पाया.

बिहार के आपदा मंत्री दिनेश चंद्र यादव ने मोतिहारी बस हादसे में 27 यात्रियों की मौत की पुष्टि की है. घटना पर राज्यपाल सत्यपाल मलिक और सीएम नीतीश कुमार ने दुख जताया है और मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख मुआवजा देने की घोषणा की है. आपदा प्रबंधन विभाग के सचिव प्रत्यय अमृत के मुताबिक 8 लोगों को सुरक्षित निकाला गया है.
इसे भी पढ़ेंः पूर्णिया एसपी का सिंघम रुप, 48 घंटे के भीतर पकड़े 116 अपराधी
एसी बस होने के कारण लोगों की चीख भी बाहर नहीं निकल पायी
आग लगने से बस का आधा से ज्यादा हिस्सा जल चुका है. घायलों में श्रृति कुमारी दरभंगा, संजीव कुमार समस्तीपुर, चिंटू चौधरी समस्तीपुर, राजदेव यादव मुजफ्फरपुर, रिंकू कुमारी व अमित कुमार बेगूसराय शामिल हैं. सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. अस्पताल में घायल लोगों को बचाने का काम किया जा रहा है.
एसी बस थी और चारों तरफ से बंद रहने की वजह से पलटने और आग लगने के बाद लोगों की चीख-पुकार बाहर नहीं निकली और झुलसकर 27 लोगों की मौत हो गई. घटनास्थल पर जिलाधिकारी रमण कुमार व पुलिस अधीक्षक उपेंद्र कुमार शर्मा पहुंचे और घटना की पूरी जानकारी ली. बस के नीचे एक कार व बाइक के भी दबे होने की सूचना मिल रही है. घायलों के इलाज के लिए मुजफ्फरपुर के एसकेएमसीएच और पटना के पीएमसीएच को अलर्ट कर दिया गया है.
इसे भी पढ़ेंः बिहार के राज्यपाल का बड़ा बयान, कहा- नेताओं का बिहार में बीएड कॉलेज का बड़ा कारोबार
न्यूज विंग एंड्रॉएड ऐप डाउनलोड करने के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पेज लाइक कर फॉलो भी कर सकते हैं.




