पटना, 3 अगस्त : बिहार के जमुई जिले में एक रेलवे स्टेशन पर करीब दो दर्जन सशस्त्र नक्सलियों ने हमला कर दिया और एक रेलवे कर्मचारी का अपहरण कर लिया. अधिकारियों ने गुरुवार को यह जानकारी दी. अगवा शख्स को बाद में मुक्त करा लिया गया. पुलिस अधिकारी ने कहा कि जमुई के पास भुलई स्टेशन को बुधवार रात नक्सलियों ने घेर लिया और गेटमैन को रेलवे क्रासिंग से अगवा कर लिया. पुलिस अधिकारी ने कहा, “नक्सलियों द्वारा बंधक बनाए जाने के बाद उसे एक घंटे के भीतर ही मुक्त करा लिया गया.”
इसे भी देखें :- नक्सलियों का तांडव, गेटमैन को किया अगवा
नई दिल्ली में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के उप महानिरीक्षक एम. दिनाकरन ने आईएएनएस को बताया कि करीब 30-35 नक्सलियों ने हमला किया. अधिकारी ने कहा कि सीआरपीएफ की कोबरा बटालियन की पांच टीमें पुलिस के साथ संयुक्त अभियान में नक्सलियों के गोलीबारी के बाद रेलवे कर्मचारी को मुक्त कराने में सफल रहीं.
हमले के कारण व्यस्त पटना-हावड़ा सेक्शन पर छह से सात घंटे तक रेलवे सेवाएं बाधित रहीं. सीआरपीएफ के एक अधिकारी ने बताया कि गुरुवार सुबह करीब सात बजे रेलवे सेवा की बहाली से पहले रेलवे ट्रैक की पूरी तरह से जांच की गई.
जमुई के पुलिस अधीक्षक जयंत कांत ने कहा कि गुरुवार को आसपास के जंगली इलाकों में नक्सलियों के खिलाफ तलाशी अभियान शुरू किया गया. 28 जुलाई को शुरू हुए नक्सलियों के ‘शहीद सप्ताह’ का गुरुवार को आखिरी दिन था. 28 जुलाई 1972 को भारत में नक्सली आंदोलन को शुरू करने वाले चारु मजूमदार का कोलकाता जेल में निधन हो गया था.




