Uncategorized

बारिश से पहाड़ धंसा, गांव पर गिरा, 10 मरे

मुंबई: महाराष्ट्र में पुणे के नजदीक स्थित एक पहाड़ी का बड़ा हिस्सा बुधवार तड़के टूट कर नीचे बसे एक गांव पर आ गिरा, जिसमें कम से कम 10 लोगों की मौत हो गई और 150 से अधिक लोग फंस गए हैं। इस गांव में लगभग 50 घर हैं। यह जानकारी अधिकारियों ने दी।

राज्य के संसदीय कार्य मंत्री हर्षवर्धन पाटिल ने कहा कि अधिकारियों ने मृतकों की संख्या 10 बताई है और 150 से अधिक लोग मलबे के नीचे दबे हुए हैं।

पुलिस अधिकारी विनोद पवार ने मीडियाकर्मियों को बताया कि दुर्घटना पुणे के अंबेगांव तहसील के मालिन गांव में तड़के पांच बजे के करीब हुई। यह भूस्खलन भारी बारिश के कारण हुआ है।

पिछले चार दिनों से यहां भारी बारिश जारी है, जिससे राहत कार्य में बाधा आ रही है।

नजदीकी गांवों के लोग, पुलिस, केंद्रीय व राज्य आपदा अधिकारी, सैनिक व राजनीतिक दलों के कार्यकर्ता राहत एवं बचाव कार्य में लगे हुए हैं।

पिछले चार दिनों से इस इलाके में भारी बारिश हो रही है।

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के विधायक और विधानसभा अध्यक्ष दिलीप वलसे-पाटील ने कहा कि घटना के वक्त करीब 150 ग्रामीण सो रहे थे और कीचड़, मलबे और शिलाखंडों के बीच कई लोगों के दबे होने की आशंका है। सेना से मदद की गुहार लगाई गई है।

मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण, उपमुख्यमंत्री अजित पवार और उनके मंत्रिमंडलीय सहयोगी हर्षवर्धन और मधुकरराव पिचड घटनास्थल के लिए रवाना हो गए हैं।

नजदीक शहरों से घटनास्थल पर 50 एंबुलेंस भेजे गए हैं और पुणे के सासून हॉस्पीटल के सभी वार्डो को घायलों के उपचार के लिए तैयार रखा गया है।

जिले के अधिकारियों का कहना है कि एहतियातन आसपास आधे दर्जन गांवों के लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

Back to top button