Uncategorized

बंग्लादेश : कारखाने में बॉइलर फटने से 26 की मौत

ढाका: बंगलादेश की राजधानी ढाका में शनिवार को एक कारखाने में बॉइलर के फटने से 26 लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि हादसे में घायल हुए लोगों में कइयों की हालत गंभीर है। वेबसाइट ‘बीडीन्यूज24’ के मुताबिक, शहर के वरिष्ठ अग्निशमन अधिकारी मोहम्मद रफिकुज्जमेन ने कहा कि यह घटना गाजीपुर इलाके में स्थित टैंपको फॉइल्स फैक्ट्री में सुबह 6 बजे के आसपास घटी।

अग्निशमन विभाग के मुख्यालय के निदेशक लेफ्टिनेंट कर्नल मुशर्रफ हुसैन ने बताया कि आग बुझाने के लिए 25 दमकल लगाए गए और पांच मंजिला इमारत के दो मंजिल आंशिक रूप से ध्वस्त हो चुकी है।

समाचार-पत्र ‘ढाका ट्रिब्यून’ ने एक अधिकारी के हवाले से कहा है कि इमारत में अभी भी 10-15 लोग फंसे हुए हैं।

समाचार-पत्र ‘डेली स्टार’ के अनुसार 17 लोगों को टोंगी अस्पताल और तीन को ढाका मेडिकल कॉलेज व अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के मुताबिक कुल 74 अन्य घायल हुए हैं, जिनमें कइयों की हालत गंभीर है।

बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना ने हादसे में मारे गए लोगों और घायलों के प्रति शोक संवेदना व्यक्त की है।

श्रम (संयुक्त सचिव) निदेशक एस. एम. अशराफुजमान ने पत्रकारों को बताया कि हादसे में मरने वाले कर्मचारियों के परिवार वालों को श्रम कल्याण कोष से दो लाख टका और घायलों के परिवार वालों को अधिकतम एक लाख टका दिया जाएगा।

हादसे की जांच के लिए पांच सदस्यीय जांच दल गठित कर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

Back to top button