NEWSWING NEW DELHI, 7 AUGUST: अमेरिकी गायिका और गीतकार मेगन ट्रेनर के गीत, ‘या माय मॉमा शी टोल्ड मी डोंट वरी अबाउट योर साइज’ के बोल आज के दौर में भारतीय फैशन उद्योग पर बिल्कुल खरे उतरते हैं. आज भारतीय फैशन उद्योग में डिजाइनर प्लस साइज के शानदार परिधान बनाने पर खास ध्यान दे रहे हैं.
फाल्गुनी एंड शेन पीकॉक, पायल सिंघल और मोनिषा जयसिंह जैसे डिजाइनरों का कहना है कि प्लस साइज को अब नजरअंदाज नहीं किया जा सकता. फाल्गुनी एंड शेन पीकॉक ‘वोग वेडिंग शो 2017’ के पांचवें संस्करण में हिस्सा ले रहे हैं.
डिजाइनर जोड़ी फाल्गुनी एंड शेन पीकॉक ने कहा, हमारे देश में पचास फीसदी से अधिक महिलाओं का साइज 12 या इससे अधिक है. परिधान उद्योग इस पर ध्यान दे रहा है. आज रनवे से लेकर फैशन स्टोर्स और पत्रिकाओं के पन्नों पर भी प्लस साइज वाली महिलाओं की मौजूदगी नजर आ रही है. डिजाइनर जोड़ी ने कहा, यह इसलिए नहीं है, क्योंकि उद्योग ने मान लिया है कि भारी भरकम शरीर होना सही है, बल्कि इसलिए कि उद्योग व्यावसायिक तौर पर इन्हें नजरअंदाज नहीं कर सकता.
सिंघल की क्लाइंट लिस्ट में करीना कपूर खान, सोनम कपूर, शिल्पा शेट्टी कुंद्रा और सोनाक्षी सिन्हा जैसी सेलेब्रिटीज के नाम शामिल हैं. उन्होंने व्यवसाय के तौर पर फैशन उद्योग के बारे में बात करते हुए कहा, एक समुदाय के तौर पर फैशन उद्योग बॉडी इमेज को लेकर सकारात्मक रुख अपना रहा है. और यह शानदार है, क्योंकि अब समय आ गया है, जब हमें महिलाओं को खुद को उसी स्वरूप में स्वीकार करने में मदद करनी होगी, जैसी वे हैं, न कि फैशन मैगजीन्स में फोटोशॉप की मदद से खूबसूरत दिखतीं दुबली-पतली मॉडलों जैसी.
अडेल, एमी शूमर, एशले ग्राहम, स्टेफनिया फरेरो जैसी वैश्विक हस्तियां और विद्या बालन व हुमा कुरैशी जैसी भारतीय सेलेब्रिटीज अपनी कर्वी फिगर के साथ खुद को साबित कर रही हैं और इन्हें देखकर आम महिलाएं आत्मविश्वास के साथ अपने प्लस साइज को खुशी से स्वीकार कर रही हैं. भारत में भी अब हरदीप अरोड़ा के ‘मिस प्लस साइज नॉर्थ इंडिया 2017’ जैसी प्लस साइज सौंदर्य प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं.
प्रख्यात डिजाइनर वेंडेल रॉड्रिक्स ने एक नया ऑटम विंटर कलेक्शन तैयार करने के लिए ऑल – द प्लस साइज स्टोर के साथ समन्वय किया है, जिसका प्रदर्शन आगामी लॅक्मे फैशन वीक (एलएफडब्ल्यू) विंटर/फेस्टिव 2017 में किया जाएगा. रॉड्रिक्स ने कहा, फैशन उम्र, रंग, साइज या शेप के फर्क के बिना हर किसी के लिए होना चाहिए. एलएफडब्ल्यू में मैं प्लस साइज वाले लोगों के लिए रंगों और आकारों के सभी भ्रम तोड़ना चाहता हूं.




