
New Delhi : आई लीग टीम मिनेर्वा एफसी की मैच फिक्सिंग की कोशिश के खिलाफ रिपोर्ट पर अखिल भारतीय फुटबाल महासंघ (एअईएफएफ) ने गुरुवार को यहां भ्रष्टाचार के मुद्दे पर शून्य-सहिष्णुता नीति अपनाने की बात के साथ कहा कि वे इस खेल की ‘अखंडता को बचाने’ के लिये कोई कसर नहीं छोड़ेंगे.फीफा के दिशा-निर्देशों के मुताबिक अगस्त 2014 से एआईएफएफ के इंटिग्रिटी अधिकारी का जिम्मा संभालने वाले जावेद सिराज ने कहा कि फिलहाल जरूरत इस बात की है कि खेल की छवि को नुकसान पहुंचाने वाले किसी भी खतरे का मिलकर सामना किया जाये.
इसे भी पढ़ें- जहां बकरियों के भाव बिकते हैं बच्चे-बच्चियां
30 लाख घूस की मिली थी पेशकश
फिक्सरों के मिनेर्वा पंजाब टीम के फुटबालरों से संपर्क करने की खबरों पर सिराज ने कहा कि मुझे उन दो खिलाड़ियों की तारीफ करनी होगी जिन्होंने उसकी पहचान कर प्रस्ताव को ठुकराया और इसकी जानकारी दी. उन्होंने कहा कि हमें क्लब से आधिकारिक शिकायत मिलने की प्रतीक्षा है और फुटबाल की अखंडता को बचाने में हम कोई कसर नहीं छोड़ेंगे. उल्लेखनीय है कि मिनेर्वा क्लब के मालिक रंजीत बजाज ने ट्वीट किया था कि क्लब के एक भारतीय और एक विदेशी खिलाड़ी से संदिग्ध फिक्सरों ने संपर्क कर 30 लाख रुपये की घूस देने की पेशकश की थी. बजाज ने कल ट्विटर पर लिखा था कि मेरे दो खिलाड़ी स्क्रीनशॉट के साथ मेरे पास आये जिसमें सट्टेबाजों ने उन्हें 30 लाख रुपये देने की कोशिश की. मैंने एआईएफएफ के मैच इंटिग्रिटी अधिकारी और एएफसी के जरिये इसकी जानकारी दे दी है. मुझे उम्मीद है कि ऐसे बेईमान तत्व दूसरे खिलाड़ियों और मैच अधिकारी @आईलीगऑफिशियल तक पहुंचने में सफल नहीं हो.
इसे भी पढ़ें- बुंडू के 320 लाभुकों के आधार नंबर सार्वजनिक किये जाने को लेकर गरमायेगा बजट सत्र
राष्ट्रीय टीमों को जागरूक करने के लिये आयोजित होती रही हैं कार्यशालाएं
सिराज ने कहा कि हम विभिन्न क्लबों और आयु वर्ग की राष्ट्रीय टीमों के साथ लगातार जागरूकता के लिए कार्यशालाएं आयोजित करते रहते हैं. इस बार भी आई लीग शुरू होने से पहले हमने ज्यादातर क्लबों से संपर्क कर उन्हें आपात स्थिति से निपटने के तरीके बताये थे. गौरतलब है कि मिनेर्वा की टीम मौजूदा सत्र में नौ मैचों में 22 अंक के साथ तालिका में शीर्ष पर है.
न्यूज विंग एंड्रॉएड ऐप डाउनलोड करने के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पेज लाइक कर फॉलो भी कर सकते हैं.




