Uncategorized

प्रभावी लोकपाल के लिए संशोधनों को स्वीकार करे सरकार : मुलायम

नई दिल्ली, 27 दिसम्बर | समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव ने मंगलवार को सरकार से लोकपाल विधेयक को प्रभावी बनाने के लिए विपक्षी पार्टियों द्वारा प्रस्तावित संशोधनों को स्वीकार करने की अपील की। लोकसभा में लोकपाल विधेयक पर हुई चर्चा में हिस्सा लेते हुए मुलायम ने सरकार द्वारा पेश विधेयक को कमजोर बताया।

उन्होंने कहा, "भ्रष्टाचार को कैसे खत्म किया जाए, इस बारे में पूरा देश सोच रहा है और उसे उम्मीद है कि यह विधेयक भ्रष्टाचार को समाप्त कर देगा। लेकिन अब केवल एक ही रास्ता है और वह है कि जो संशोधन लाए जा रहे हैं उन्हें स्वीकार किया जाए।"

मुलायम ने कहा, "लोकपाल एवं लोकायुक्त विधेयक ने लोगों को निराश किया है।"

सपा नेता ने कहा कि विपक्ष की मांगों को स्वीकार न करने से सरकार पर आरोप लगेंगे कि लोकपाल संस्था सरकार के नियंत्रण में है जैसा कि सीबीआई के मामले में होता आया है।

उन्होंने कहा, "यदि आप संशोधनों को स्वीकार नहीं करेंगे तो आप पर सीबीआई को अपने नियंत्रण में रखने का जो आरोप लगता है, वही आरोप लोकपाल के बारे में भी लगेगा।"

मुलायम ने कहा, "भ्रष्टाचार ऊपर से नीचे की ओर फैलता है, नीचे से ऊपर की ओर नहीं।" (आईएएनएस)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

Back to top button