– तीन मेडिकल कॉलेज का शिलान्यास –
पलामू: झारखंड में 45 वर्षों के बाद एक ही दिन तीन नए मेडिकल कॉलेज पलामू, हजारीबाग और दुमका में खोले जा रहे हैं जल्द ही तीन अन्य जिले बोकारो, चाईबासा और कोडरमा में भी मेडिकल कॉलेज खोले जाएंगे। इसके साथ ही ग्रामीण क्षेत्र के स्वास्थ्य सुविधा बढ़ाने हेतु सभी पंचायतों के लिए 329 एंबुलेंस की सुविधा सरकार दे रही है, जो 108 के कॉल पर काम करेगी। उक्त बातें माननीय मुख्यमंत्री श्री रघुवर दास ने पलामू जिला के पोखराह खुर्द में आयोजित पलामू मेडिकल कॉलेज के शिलान्यास समारोह में लोगों को संबोधित करते हुए कही।उन्होंने कहा कि झारखंड के बच्चे राज्य से बाहर न जायें इसके लिए सरकार ने तीन नए मेडिकल कॉलेज के माध्यम से मेडिकल में नामंकण के लिए मेडिकल सीट की संख्या काफी बढ़ जाएगी। इसके अलावा इंजिनियरिंग कॉलज, आईटीआई, पॉलीटेकनिक कॉलेज भी खोले जायेंगे।
श्री दास ने कहा कि आज का दिन ऐतिहासिक है और इसके लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रसाद नड्डा धन्यवाद के पात्र है जिन्होंने झारखंड को स्वास्थ्य के क्षेत्र मे विकसित करने के लिए हर संभव मदद दी। उन्होंने कहा कि इन सभी मेडिकल कॉलेज की आधारभूत संरचना के लिए केन्द्र सरकार 60 प्रतिशत और राज्य सरकार 40 प्रतिशत खर्च कर रही है। वहीं भवन निर्माण के साथ साथ तय सीमा के अंदर इन कॉलेजों के सभी शैक्षणिक और गैर शैक्षणिक पदों पर भी नियुक्ति कर दी जाएगी। श्री दास ने कहा कि सरकार ने जो भी वादा किया है उसे तय सीमा के अंदर पूरा किया जाएगा। राज्य में गुणवत्ता पूर्ण शिक्षा और स्वास्थ्य सेवा लागू करना सरकार की प्राथमिकता है। इस काम के लिए मुख्यमंत्री ने झारखंड के सभी लोगों से सहयोग की अपेक्षा भी मंच से की। उन्होंने कहा कि 16-17 फरवरी को रांची में हुए ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में भी सरकार ने मध्यम, लधु और ग्रामोद्योग पर जोर दिया है ताकि झारखंड के हर क्षेत्र मे रोजगार की समस्या को खत्म किया जा सके।
श्री दास ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि अगर कोई भी व्यक्ति विकास की राह में अड़चन पैदा करते हैं तो उन्हें दंडित किया जाए। उन्होंने कहा कि गांव की महिलाएं बोर्ड के साथ मिल कर काम करें और परिवार के आर्थिक आय को बढ़ाने में मदद करें। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग में अब छोटी छोटी चीजों के लिए टेंडर नही निकाला जाएगा। महिलाओं द्वारा तैयार होने वाले कम्बल, तौलिये आदि की सप्लाई अब सीधे स्वास्थ्य विभाग को होगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज का युग तकनीकी का युग है झारखण्ड सरकार प्रदेश को शिक्षित और हूनरमंद प्रदेश बनाना चाहती है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार जनता की बुनियादी सुविधाएं पूरा करने के लिए कृत संकल्पित है। शिक्षा और स्वास्थ्य सरकार की प्राथमिक सूचि में है। उन्होंने कहा कि 2017-18 का बजट गरीबों के हित का बजट है। उन्होंने कहा कि सरकार ने अब एससी एसटी के छात्रों को 40 प्रतिशत मे और ओबीसी के छात्रों को 45 प्रतिशत अंक से ही छात्रवृति देने का काम करेगी। मुख्यमंत्री ने पलामू और झारखंड के सभी लोगों से सरकार को सहयोग करने की अपील मंच से की।
कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री रामचन्द्र चन्द्रवंशी ने कहा कि इस मेडिकल कॉलेज में 500 बेड का अस्पताल भी रहेगा और प्रति वर्ष कॉलेज में एमबीबीएस पाठ्यक्रम में 100 एडमिशन होगा।
(आईपीआरडी)




