
Daltonganj : पलामू जिले के पाटन प्रखंड अंतर्गत लोइंगा गांव में गत शनिवार को टीकाकरण के बाद रविवार की तड़के एक-एक करके चार बच्चों की मौत हो जाने के सदमे में उनके परिजन बीमार पड़कर गंभीर हो गए हैं. गंभीर स्थिति में उन्हें बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है. बीमार पड़े लोगों में सभी महिलाएं हैं. उन्हें स्लाइन चढ़ाया जा रहा है और दवाइयां दी जा रही है.
बच्चों की मौत के सदमे में महिलाएं घटना के बाद से न्याय के लिए लगातार बिलखती रही. अन्न, जल तक त्याग दिया. नतीजा गर्मी का मौसम होने के कारण उनके स्वास्थ्य पर बुरा असर पड़ा और एक-एक करके आधा दर्जन महिलाएं बीमार हो गईं. पाटन स्वास्थ्य केन्द्र में उचित इलाज नहीं होने पर तीन गंभीर महिलाओं को मंगलवार की शाम बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया.
इसे भी देखें- पलामू में डीपीटी का टीका लगाए जाने के बाद बिगड़ी बच्चों की हालत, तीन की मौत, पांच गंभीर
आयुक्त ने जांची स्वास्थ्य सुविधा
बुधवार को पलामू के आयुक्त राजीव अरुणा एक्का ने सदर अस्पताल का निरीक्षण किया और वहां की स्वास्थ्य व्यवस्था की जांच की. बीमार महिलाओं का हाल-चाल जाना. आयुक्त ने जिले के सिविल सर्जन डॉ. कलानंद मिश्रा को निर्देश दिया कि यहां भर्ती महिलाओं को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा मिले, यह सुनिश्चित किया जाए. साथ ही शिकायत के आलोक में निर्देश दिया कि पाटन प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र में चिकित्सकों की नियमित सेवा लगायी जाए. सीएस ने एक सप्ताह के भीतर वहां चिकित्सकों की सेवा प्रारंभ करने की बात कही. आयुक्त ने बीमार महिलाओं से अस्पताल में मिल रही उचित स्वास्थ्य सेवाओं की भी जानकारी ली. बेहतर सेवा नहीं देने पर डॉक्टरों पर कार्रवाई की बात आयुक्त ने कही है.
इसे भी देखें- पलामू : नवविवाहिता पर मिट्टी तेल छिड़ककर लगा दी आग, गंभीरावस्था में अस्पताल में भर्ती, ससुरालवाले फरार
अस्पताल में कौन-कौन है भर्ती
सदर अस्पताल में संतोष यादव की पत्नी बरती देवी, उपेन्द्र ठाकुर की पत्नी रिंकी देवी, बबीता देवी भर्ती है. बबीता देवी गर्भवती है. आयुक्त ने मौके पर मौजूद डॉक्टर अभय कुमार, डॉ आरके रंजन और डॉ राजेश कुमार को निर्देश दिया कि बबीता के प्रसव तक उसे बेहतर स्वास्थ्य सुविधा दी जाये.
न्यूज विंग एंड्रॉएड ऐप डाउनलोड करने के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पेज लाइक कर फॉलो भी कर सकते हैं.




