
Daltonganj : बिजली विभाग की लचर व्यवस्था के कारण पलामू जिले में लगातार मवेशियों की मौत हो रही है. चैनपुर के लिधिकी में छह पशुओं की मौत की घटना के कुछ ही दिन बीते थे कि जिले के पांकी प्रखंड अंतर्गत मंगलपुर में आधा दर्जन मवेशियों की मौत हो गयी. इस घटना से पशुपालक की कमर ही टूट गयी है. मवेशियों के मरने से किसान को करीब सवा लाख का नुकसान हुआ है.
इसे भी पढ़ें- पलामू : विद्युत विभाग की लापरवाही ने तोड़ी किसान की कमर, हाइटेंशन तार की चपेट में आकर छह मवेशियों की मौत
विद्युत प्रवाहित तार की चपेट में आकर मरे सभी मवेशी
पांकी प्रखंड के नौडीहा पंचायत के मंगलपुर ग्राम में कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय के पीछे करंट लगने से 6 भैंसों की मौके पर ही मौत हो गई. प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि रोज की तरह सोमवार की शाम में भी वे लोग पशुओं को चरा रहे थे, तभी अचानक पहले से ही गिरे करंट प्रवाहित बिजली के तार से भैंस को करंट लगा, जिससे एक-एक करके छह भैसों की मौत हो गयी.
इसे भी पढ़ें- सिल्ली विधानसभा उपचुनाव के उम्मीदवारों को मिला चुनाव चिह्न, ईवीएम में नाम के साथ फोटो रहेगा अंकित
सभी भैंस नूरु पंचायत के सरईडीह गांव निवासी विष्णु यादव के थे
मौके पर पहुंचे नूरु पंचायत के मुखिया हसन अंसारी ने बताया कि सभी 6 भैंस नूरु पंचायत के सरईडीह गांव निवासी विष्णु यादव (पिता महावीर यादव) के थे. वह दूध बेचकर ही घर का भरण पोषण करता था. मवेशियों की मौत से विष्णु यादव के समक्ष परिवार के भरण-पोषण की समस्या उत्पन्न हो गई है. उसे समझ नहीं आ रहा है कि परिवार का भरण पोषण अब कैसे होगा.
बताते चलें कि इसी प्रखंड के केकरगढ पंचायत में भी कुछ दिन पूर्व बिजली विभाग की लापरवाही से करंट लगने से ही मवेशियों की मौत हुई थी. इसके बाद भी विभाग के कर्मी अपने सुस्त रवैये से बाज नहीं आ रहे हैं. ग्रामीणों की मानें तो विभाग से कई बार जर्जर तार को बदलने का आग्रह किया गया है, मगर उसपर विभाग ने कोई पहल नहीं की, जिसका नतीजा है कि पिछले एक सप्ताह में एक दर्जन मवेशियों की मौत करंट लगने से हो गई.
न्यूज विंग एंड्रॉएड ऐप डाउनलोड करने के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पेज लाइक कर फॉलो भी कर सकते हैं.




