
Daltanganj: अवैध शराब के खिलाफ छापामारी अभियान में पलामू पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने छापामारी स्थल से जावा महुआ से भरे 10 प्लास्टिक के बड़े ड्रमों के साथ ही 50 लीटर देशी शराब भी जब्त किये. महुआ से भरे ड्रम जब्त करने के बाद पुलिस ने उसे नष्ट कर दिया.
छत्तरपुर और हुसैनाबाद में बड़े स्तर पर छापेमारी अभियान चला
बुधवार को पलामू जिले के नक्सल प्रभावित छत्तरपुर और हुसैनाबाद में बड़े स्तर पर छापेमारी अभियान चलाया गया. इस दौरान दो लोगों को शराब बनाते रंगेहाथ गिरफ्तार किया गया, साथ ही भारी मात्रा में जावा महुआ और तैयार महुआ शराब बरामद किये गये.
शराब बना रहे दो लोग गिरफ्तार
जिले के पुलिस अधीक्षक इन्द्रजीत माहथा के निर्देश पर छत्तरपुर एसडीपीओ के नेतृत्व में की गयी कार्रवाई में महिप्ता गांव में छापामारी की गयी. इस दौरान वहां शराब बना रहे दो लोगों नावाटांड़-नौडीहा बाजार निवासी प्रमोद साव और विनोद भुइयां को रंगेहाथ गिरफ्तार किया गया. छत्तरपुर के थाना प्रभारी सह प्रशिक्षु डीएसपी विमलेश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि महिप्ता गांव में बड़े पैमाने पर शराब बनायी जा रही थी. भारी मात्रा में महुआ रखा गया था.

50 लीटर देशी शराब जब्त
छापामारी स्थल से 10 प्लास्टिक के बड़े ड्रम में भरे पड़े जावा महुआ को नष्ट किया, जबकि 50 लीटर देशी शराब जब्त की गयी. उन्होंने कहा कि घटनास्थल की तस्वीर बयां कर रही थी कि यहां बड़े पैमाने पर शराब बनायी जाती रही होगी. छत्तरपुर में की गयी कार्रवाई में थाना प्रभारी के अलावा सहायक अवर निरीक्षक अनिल कुमार सिंह, हवलदार छत्रधारी मेहता सहित कई आरक्षी शामिल थे.
सिखडीहा गांव में भी पुलिस की ओर से अवैध शराब बनाने के खिलाफ हुई कार्रवाई
इधर, हुसैनाबाद के सिखडीहा गांव में भी पुलिस की ओर से अवैध शराब बनाने के खिलाफ कार्रवाई की गयी और महुआ शराब के साथ-साथ जावा महुआ को नष्ट किया गया.
उल्लेखनीय है कि आये दिन अवैध शराब निर्माण पर पुलिस की कार्रवाई की जाती रही है लेकिन बावजूद इसके अवैध शराब गिरोहों के द्वारा चोरी छुपे शराब बनाने का काम किया जाता रहा है.
न्यूज विंग एंड्रॉएड ऐप डाउनलोड करने के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पेज लाइक कर फॉलो भी कर सकते हैं.




