News Wing
Ranchi, 7 October: छठ पूजा से पहले रांची के तालाबों का संरक्षण और सौंदर्यीकरण का काम पूरा हो जाए, इसको लेकर रांची नगर निगम की ओर से तालाबों का निरीक्षण किया गया. मेयर आशा लकड़ा ने शनिवार को इस सिलसिले में चार तालाबों में हो रहे कार्यों का जायजा लिया. जिसमें दिव्यांग तालाब, तेतर टोली तालाब, जोड़ा तालाब और टुन्की तालाब शामिल है. इस दौरान मेयर ने कहा कि गुणवत्ता और कार्यों में बरती गयी लापरवाही कभी भी बर्दाश्त नहीं की जाएगी. साथ ही उन्होंने छठ पर्व से पहले सभी तालाबों की सफाई का काम पूरा करने का निर्देश दिया. उनके साथ चीफ इंजीनियर, एग्जिक्युटिव इंजीनियर और एसी मुख्य रुप से मौजूद रहे.
देखें वीडियो
क्या कहा मेयर ने
सभी तलाबों का निरीक्षण करने के बाद मेयर मेयर ने कहा कि कुछ तालाबों की सफाई का काम पूरा हो चुका है. उनका छठ पर्व से पहले उद्घाटन कर दिया जाएगा. जबकि अभी भी कई तालाबों का काम बाकी है.
उन्होंने बताया कि दिव्यांग तालाब में सीढ़ी बनना और फिनिशिंग का काम बाकि है. तेतर टोली में फिनिशिंग का काम छठ से पहले पूरा कर लिया जाएगा.
देखें वीडियो
सोवित कंट्रक्शन को ब्लैक लिस्ट करने का दिया निर्देश
मेयर ने बरियातु के जोड़ा तालाब में लगे सौंदर्यीकरण के काम को लेकर कड़ा निर्देश दिया है. उन्होंने वहां के ठेकेदार को ब्लैक लिस्ट करने को कहा. मेयर आशा लकड़ा ने कहा कि ठेकेदार काम के नाम पर धोखा दे रहा है. दो वर्षों में इस तालाब के सौंदर्यीकरण का काम आधा भी नहीं हो पाया है. इधर मेयर ने टुन्की टोला तालाब के निर्माण कार्य पर भी असंतुष्टि जतायी. टुन्की टोला तालाब के ठेकेदार ने छठ से पहले तक सौंदर्यीकरण कार्य पूरा करने की बात कही थी. लेकिन अभी तक इसे पूरा नहीं किया गया.
जोड़ा तालाब सौंदर्यीकरण के लिए होगा रिटेंडर
जोड़ा तालाब के संरक्षण एवं सौंदर्यीकरण का काम सोवित कंट्रक्शन को दिया गया था. पिछले साल मई में काम शुरु किया गया था. अभी तक तालाब का सौंदर्यीकरण आधा भी पूरा नहीं हो पाया है. इसके लिए ठेकेदार को पहले ही चेतावनी दी जा चुकी है. अब इस कंपनी और ठेकेदार को ब्लैक लिस्ट कर तालाब के सौंदर्यीकरण कार्य के लिए फिर से टेंडर निकाला जाएगा. इसके आगे की प्रक्रिया के लिए मेयर ने नगर निगम के अधिकारियों को निर्देश दे दिये हैं.




