Uncategorized

पंजाब में आतंकवादी हमला, 1 की मौत

दीनानगर (पंजाब) : पंजाब के दीनानगर कस्बे में सोमवार सुबह संदिग्ध फिदायीन आतंकवादियों ने लोगों पर अंधाधुंध गोलीबारी की, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई और सात अन्य घायल हो गए। घायलों में पुलिसकर्मी भी शामिल हैं। हमलावर सेना की वर्दी में थे।

दीनानगर कस्बा पंजाब की राजधानी चंडीगढ़ से 235 किलोमीटर दूर जम्मू एवं कश्मीर की सीमा के पास स्थित है।

आतंकवादियों ने पहले दीनानगर बसस्टैंड पर अंधाधुंध गोलीबारी की और उसके बाद दीनानगर पुलिस थाने पर धावा बोला। थाने के भीतर छिपे आतंकवादियों और सुरक्षा बलों के बीच गोलीबारी जारी है।

अमृतसर-पठानकोट रेल पटरी पर पांच जिंदा बम भी बरामद किए गए हैं।

माना जाता है कि आतंकवादी पाकिस्तान के साथ लगने वाली सीमा के पार से आए हैं। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि आतंकवादियों ने पहले जम्मू जा रही एक बस पर गोलीबारी की और उसके बाद पुलिस थाने की ओर रुख किया।

हमले की सूचना मिलते ही पुलिस बल घटनास्थल के लिए रवाना हो गया, जिसके बाद से थाने में छिपे आतंकवादियों और सुरक्षा बलों के बीच संघर्ष जारी है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, हमले में तीन से चार आतंकवादी शामिल हैं और उन्होंने सेना की वर्दी पहनी हुई है। आतंकवादी थाने के अंदर छिपे हुए हैं और उनके पास स्वचालित हथियार हैं। उन्होंने पास में ही राजमार्ग से एक कार का अपहरण किया था और उसी में सवार होकर सोमवार सुबह 5.30 बजे दीनानगर बस स्टैंड पर पहुंचे थे।

पंजाब पुलिस के सूत्रों के मुताबिक, यह घटना फिदायीन आतंकवादियों का हमला हो सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

Back to top button