Uncategorized

पीएम ने पेश किया रिपोर्ट कार्ड, कहा- यह कनफ्यूजन वाली नहीं, कमिटमेंट वाली सरकार

Cuttack :  पीएम नरेंद्र मोदी ने शनिवार को ओडिशा के कटक में हुंकार भरी. अपनी सरकार का चार साल का कार्यकाल पूरा होने पर कटक में जनता के समक्ष  रिपोर्ट कार्ड पेश किया.  इसी क्रम में  अपनी उपलब्धियां गिनाते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा. तंज कसा कि मनमोहन सरकार में जनपथ यानी सोनिया गांधी का दखल किस हद तक था. पीएम मोदी ने कहा कि हम जनपथ से नहीं , वरन  जनमत से सरकार चलाते हैं. मोदी ने  कालेधन और करप्शन के खिलाफ अपनी सरकार की मुहिम के बारे में बताते हुए कहा कि हमने JAM यानी जनधन, आधार और मोबाइल के जरिए 80,000 करोड़ रुपये गलत हाथों में जाने से बचाये हैं. मोदी ने यूपीए सरकार से अपनी सरकार की तुलना की. कहा कि  यह सरकार कनफ्यूजन वाली नहीं, कमिटमेंट वाली सरकार है. विपक्ष पर हमलावर होते हुए कहा कि कालेधन और करप्शन के खिलाफ हमारी सरकार जिस तरह लड़ाई लड़ रही है, उसने कट्टर दुश्मनों को भी दोस्त बना दिया है. यह जनता देख रही है. बताया कि 45,000 करोड़ से ज्यादा अघोषित आय का हमने पता  लगाया है. बेनामी संपत्ति लागू होने के बाद 3,500 करोड़ रुपये से ज्यादा की संपत्ति जब्त की जा चुकी है. कहा कि पहले यह कल्पना थी कि बड़े लोगों को तो कुछ होता ही नहीं. लेकिन आज चार पूर्व मुख्यमंत्री जेल के अंदर हैं.

इसे भी पढ़ें-टाइम्स मेगा ऑनलाइन पोल :  2019 लोकसभा चुनाव में भी मेादी का जलवा कायम रहेगा

चार सालों ने देश के लोगों में यह भरोसा पैदा किया है कि स्थितियां बदल सकती हैं

पीएम मोदी ने कहा,  चार सालों ने देश के लोगों में यह भरोसा पैदा किया है कि स्थितियां बदल सकती हैं, हिंदुस्तान बदल सकता है. देश निराशा से आशा, सुशासन से कुशासन, कालेधन से जनधन की ओर तेज गति से बढ़ रहा है.  यह  एनडीए सरकार है, जिसके लिए गरीबों का पसीना गंगा, यमुना, नर्मदा के जल की तरह पवित्र है. गरीबी झेल कर आये हैं, इसलिए हमारे लिए उनका कल्याण ही हमारे लिए प्रतिबद्धता है.  यह ऐसी सरकार है, जिसमें राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति और प्रधानमंत्री का जीवन एक–एक पैसे की चिंता करते हुए बीता है. उन्होंने कहा कि हमने जनता का विश्वास और जनता का मत दोनों जीता है.  बीते चार वर्षों में पांच राज्यों से बढ़कर 20 राज्यों में हमारी सरकार है.  देश भर में भाजपा के आज 1,500 से ज्यादा विधायक हैं. यह जनता के विश्वास की जीत है.  यह उन माताओं का आशीर्वाद है, जिन्हें उज्ज्वला योजना ने धुएं से मुक्ति दिलाई. पीएम मोदी ने अपना रिपोर्ट कार्ड पेश करते हुए कहा कि न हम कड़े फैसले लेने से डरते हैं और न ही हम बड़े फैसले लेने से चूकते हैं. देश में जब कन्फयूजन नहीं कमिटमेंट वाली सरकार चलती है, तब ही सर्जिकल स्ट्राइक की जाती है.  

न्यूज विंग एंड्रॉएड ऐप डाउनलोड करने के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पेज लाइक कर फॉलो भी कर सकते हैं. 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

Back to top button