Uncategorized

न्यूजीलैंड दौरे के लिए महिला हॉकी टीम की कमान रानी को

नई दिल्ली: हॉकी इंडिया (एचआई) ने गुरुवार को न्यूजीलैंड दौरे के लिए 20 सदस्यीय वरिष्ठ महिला हॉकी टीम की घोषणा कर दी है। रानी को इस टीम का कप्तान बनाया गया है। इस दौरे की शुरुआत 14 मई से हो रही है, जिसके दौरान भारतीय टीम मिडलैंड्स में पांच टेस्ट मैचों की श्रृंखला खेलेगी।

चोटिल होने के कारण आठ माह रिहेबिलिटेशन के बाद वापसी कर रहीं सुशीला चानू पुखरम्बम को उप-कप्तान की जिम्मेदारी सौपीं गई है।

न्यूजीलैंड दौरे के लिए इस 20 सदस्यीय टीम में युवा खिलाड़ी भी हैं और अनुभवी खिलाड़ी भी। इनमें दीप ग्रेस एक्का, उदिता, सुनीता कालरा, नमिता टोप्पो, सुशीला और गुरकीत कौर शामिल हैं।

गोलकीपर की भूमिका सविता को सौंपी गई है। उन्होंने महिला विश्व हॉकी लीग राउंड-2 में शानदार प्रदर्शन किया था। इस प्रदर्शन के लिए उन्हें टूर्नामेंट की सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर के पुरस्कार से भी नवाजा गया था।

इस टीम में सविता के अलावा दूसरे गोलकीपर राजानी एतिमार्पु शामिल हैं।

महिला हॉकी टीम के नवनियुक्त कोच शुअर्ड मरेन ने कहा, “वरिष्ठ महिला हॉकी टीम ने अच्छे प्रदर्शन के साथ इस सत्र की शानदार शुरुआत की है। उन्होंने साल की शुरुआत बेलारूस के खिलाफ पांच टेस्ट मैचों की श्रृंखला को जीत के की थी। इसके बाद उन्होंने चिली को मात देकर महिला विश्व हॉकी लीग के सेमीफाइनल में कदम रखा था।”

कोच ने कहा कि टीम का लक्ष्य न्यूजीलैंड दौरे में अच्छा प्रदर्शन करना है। इस दौरे से टीम को जून में होने वाले टूर्नामेंट की तैयारी हेतु काफी मदद मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

Back to top button