Uncategorized

नगर निगमः बैठक में नहीं पहुंचा कोई अधिकारी, नारेबाजी करते निकले पूजा समिति के लोग

NEWSWING

Ranchi, 12 September : रांची नगर निगम में मंगलवार को दुर्गा पूजा समितियों की बैठक बुलाई गयी थी. समय 11 बजे का निर्धारित था. पुजा समितियों के लोग समय पर पहुंच गए थे. परंतु बैठक में निगम का कोई भी अधिकारी या प्रतिनिधि नहीं पहुंचा. 11:40 बज चुके थे, फिर भी मेयर और डिप्टी मेयर नहीं पहुंचे थे. सभागार में राजधानी के दुर्गा पूजा जनप्रतिनिधी व अधिकारियों के इस उपेक्षा पर विभिन्न पूजा समिति के सदस्य हॉल से निकल गये. इस दौरान उन्होंने निगम भवन के समक्ष जमकर नारेबाजी की. विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे राजीव रंजन मिश्रा ने कहा कि जब बैठक में आने के लिए किसी के पास समय ही नहीं था तो फिर पूजा समितियों को बुलाने का कोई मतलब ही नहीं था. बैठक में बुलाकर पूजा समिति के लागों को जलील किया जा रहा है.

मेयर-डिप्टी मेयर के आने के बाद बैठक हुई शुरु

निगम में पूजा समितियों के सदस्यों व अधिकारियों ने जमकर हंगामा किया. इस बीच मेयर आशा लकड़ा और डिप्टी मेयर संजीव विजयवर्गीय पहुंचे. जिसके बाद समिति के सदस्यगण शांत हुए और फिर बैठक शुरु हुई. बैठक में कई मुद्दों पर चर्चा की गयी.

तालाबों को बचाने के लिए आगे आये पूजा समितियां
मेयर की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में पूजा समितियों से मेयर ने आग्रह किया कि वे लोग ऐसा सिस्टम बनायें कि मूर्ति का विसर्जन पंडाल में ही हो जाये. इससे तालाब भी गंदा होने से बचेंगे. मेयर ने कहा कि पूरे पूजा के दौरान निगम में कंट्रोल रुम काम करेगा. जिसमें शहर के लोग अपनी समस्याओं को रख सकते हैं.

नगर निगम पूजा समितियों के सहयोग के लिए हर समय तत्पर है

डिप्टी मेयर संजीव विजयवर्गीय ने कहा कि नगर निगम पूजा समितियों के सहयोग के लिए हर समय तत्पर है. उनकी जो भी मांगें होगी, निगम उसे त्वरित गति से पूरा करायेगा. अपर नगर आयुक्त दिव्यांशु झा ने कहा कि पूजा के दौरान विशेष सफाई अभियान चलाया जायेगा. इसके लिए पूजा समिति भी अपने पंडाल के आसपास के ठेला व खोमचा वालों को निर्देश दें कि वे अपने कचरे को काले पॉलिथीन में भर कर रखें. ताकि निगम बेहतर तरीके से इसका उठाव कर सके. श्री झा ने यह भी कहा कि तालाबों को प्रदुषण मुक्त करने में पूजा समिति सहयोग करें. साथ ही जितना हो सके सड़क को छोड़कर तोरण द्वार का निर्माण किया जाये.

समितियों ने रखी यह मांग
पंडालों में डस्ट की व्यवस्था कराई जाए
पूजा के दौरान साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाए
पूजा स्थल वाली जगहों को अतिक्रमण से मुक्त किया जाए
नालियां कचरे से बजबजा रही हैं. इनकी सफाई की जाए
खुले नालियों में स्लैब लगाया जाए
पंडालों के पास पीने के पानी की व्यवस्था की जाए
मोबाइल टॉयलेट जगह जगह लगायी जाये
शराब की बिक्री पर पूरी तरह से रोक लगायी जाये
विसर्जन के दिन तालाबों के पास लाइट लगायी जाये
गहरे तालाबों के डेंजर जोन में बैरिकेडिंग की जाये

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

Back to top button