रांची: मुख्य सचिव आरएस शर्मा ने कहा कि धनबाद शहरी क्षेत्र में माडा (खनिज क्षेत्र विकास प्राधिकरण) द्वारा जलापूर्ति को जारी रखा जाना चाहिए। धनबाद शहरी क्षेत्र के नक्शे का अनुमोदन माडा द्वारा किया जाना चाहिए। शर्मा मंगलवार, 26 नवंबर 2013 को प्रोजेक्ट भवन में आयोजित शहरी विकास विभाग की बैठक में खनिज क्षेत्र विकास प्राधिकरण (माडा) के मुद्दों पर चर्चा कर रहे थे।
उन्होंने धनबाद नगर निगम (डीएमसी) और अन्य नगरपालिकाओं में अवकाश ग्रहण करने वाले कर्मचारियों की काम करने की क्षमता का आकंलन करने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि आने वाले वर्षों में सेवानिवृत्त होने वाले माडा के कर्मचारियों की एक विस्तृत रिपोर्ट पेश किया जाए। उन्होेंने वरिष्ठता एवं संवर्ग के आधार पर कर्मचारियों को नियमित करने के लिए पारदर्शी प्रणाली तैयार करने का निदेश दिया।
शहरी विकास विभाग, के प्रधान सचिव, एके सिंह ने बताया कि झरिया माइंस बोर्ड, झरिया जल बोर्ड और चास नगर योजना को बिहार कोयला खनन क्षेत्र विकास प्राधिकरण अधिनियम 1986 के तहत माडा में विलय कर दिया गया है।उन्होंने माडा के कार्यों का वर्णन किया।
बैठक में वित्त सचिव, एपी सिंह, उपायुक्त, धनबाद सह प्रबंध निदेशक, माडा, एसएन उपाध्यय सहित अन्य अधिकाररगण उपस्थित थे।




