News Wing
Dhanbad, 17 October: धनबार मेयर शेखर अग्रवाल और नगर आयुक्त के खिलाफ पार्षद अशोक पाल ने मोर्चा खोल दिया है. पार्षद अशोक पाल ने मेयर शेखर अग्रवाल और नगर आयुक्त मनोज कुमार पर दो-दो गाड़ी का प्रयोग करने का आरोप लगाया है. अशोक पाल ने कहा है कि मेयर और नगर आयुक्त को नयी इनोवा गाड़ी दी गयी है, लेकिन वो पुरानी स्कॉर्पियो को नहीं लौटा रहे हैं. जबकि अपर नगर आयुक्त के लिए गाड़ी और ड्राईवर को भाड़े पर लिया जा रहा है. उल्लेखनीय है कि धनबाद के मेयर शेखर अग्रवाल सत्ता शीर्ष के करीबी हैं. अतिक्रमण हटाने को लेकर इससे पहले के नगर आयुक्त से उनकी अनबन हुई थी. जिसके बाद नगर अायुक्त का तबादला कर दिया गया था.
भाड़े की गाड़ी की क्या जरुरत
अशोक पाल ने यह भी जानकारी दी है कि सहायक नगर आयुक्त के लिए भी बाहर से ड्राईवर लेने की तैयारी चल रही है. अशोक पाल ने सवाल उठाते हुए कहा है कि जब दो-दो सरकारी गाड़ी और ड्राईवर है, तब ऐसे में बाहर से भाड़े पर गाड़ी और ड्राईवर लेने का क्या औचित्य है. उन्होंने मेयर शेखर अग्रवाल और नगर आयुक्त मनोज कुमार के खिलाफ मनमानी करने का भी आरोप लगाया है.
धनबाद नगर निगम में नहीं हो रहा कोई काम
पार्षद अशोक पाल ने धनबाद शहर में लगे एलईडी लाईट खरीद में गड़बड़ी का आरोप लगाया है और कहा है कि एलईडी एक दिन में ही खराब हो जा रही है. उसका मेंटेनेंस नहीं हो रहा है. लाईट की गड़बड़ी ठीक करने के लिए बनाया गया काॅल सेंटर भी काम नहीं करता है. पार्षद ने एलईडी लाईट खरीदी में गड़बड़ी की जांच करने की मांग की है. साथ ही यह भी कहा है कि धनबाद नगर निगम में कोई काम काज नहीं हो रहा है. मेयर और निगम के अधिकारी अपने मतलब की योजना को पारित करने के लिए स्टैंडिंग काउंसिल की बैठक करते है. वार्ड की समस्या से उनका कोई लेना देना नहीं है.
शहर में फैला कचड़े का अंबार
अशोक पाल ने यह भी कहा है कि दिवाली के मौके पर शहर में कचड़ा का अंबार लगा हुआ है. किसी को कोई चिंता तक नहीं है. उन्होंने कचड़ा के लिए लोकल डंपिंग की भी मांग नगर आयुक्त से की है.




