News Wing Dumka, 20 November: पाकुड़ के केकेएम कॉलेज के सात और साहिबगंज कॉलेज के दो छात्रों पर प्राथमिकी दर्ज होगी. इन दोनों कॉलेजों के प्राचार्यो को सिदो-कान्हु मुर्मू विश्वविद्यालय की ओर से प्राथमिकी दर्ज कराने का आदेश दिया गया है. दरअसल पिछले दिनों स्नातक पार्ट टू की परीक्षा के लिए एडमिट कार्ड जारी करते वक्त स्क्रीनिंग के दौरान इन नौ परीक्षार्थियों के परीक्षा प्रपत्र के साथ संलग्न किये गये स्नातक पार्ट वन के अंक पत्र फर्जी पाये गये थे. विश्वविद्यालय के रिकार्ड में इन परीक्षार्थियों को स्नातक पार्ट वन की परीक्षा में फेल घोषित किया गया था. स्नातक खंड एक में अनुतीर्ण होने के बावजूद भी इनलोगों ने परीक्षा प्रपत्र भरा और इसके लिए फर्जी अंकपत्र संलग्न किया, जिसमें उन्हें उतीर्ण दर्शाया गया था.
मार्कशीट की फोटोकॉपी देखकर ही समझ में आ गया था फर्जीवाड़ा
प्रथम दृष्टया मार्कशीट की फोटोकॉपी देखकर ही जांच में इसे संदिग्ध पाया गया. जब टीआर से मिलान किया गया तो उसमें भी उन्हें फेल दर्शाया गया था. बारकोड से जांच की गयी तो अंकपत्र ही फर्जी पाया गया. मामले के संज्ञान में आने के बाद विवि प्रशासन ने न सिर्फ इनके एडमिट कार्ड को रोक दिया था, बल्कि अब कार्रवाई करते हुए कुलपति के आदेश से संबंधित कॉलेजों को भी पत्र भेजकर इनके खिलाफ एफआइआर दर्ज कराने करा आदेश दे दिया है.
क्या कहते हैं परीक्षा नियंत्रक
सिदो कान्हू विवि के परीक्षा नियंत्रक डॉ दिलीप कुमार ने कहा कि परीक्षा प्रपत्र भरने वाले पाकुड़ के सात और साहिबगंज कॉलेज के दो कुल नौ परीक्षार्थियों के अंकपत्र फर्जी पाये गये थे. बारकोड मिलान में भी उनके द्वारा समर्पित अंकपत्र की छाया प्रति से साबित हुआ था कि उन्होंने फर्जी तरीके से अंकपत्र तैयार कर उसकी छायाप्रति दी है तथा स्नातक खंड एक में अनुर्तीण रहने के बावजूद अपने को उसमें उतीर्ण दिखाने का प्रयास किया है. फर्जीवाड़ा सामने आने पर विश्वविद्यालय प्रशासन ने प्राथमिकी दर्ज करने का आदेश जारी कर दिया है. नकली रिजल्ट तैयार करने का मामला साइबर क्राइम का भी है. संबंधित कालेज के प्राचार्य उसमें प्राथमिकी दर्ज करायेंगे.
न्यूज विंग एंड्रॉएड ऐप डाउनलोड करने के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पेज लाइक कर फॉलो भी कर सकते हैं.




