Uncategorized

दिल्ली सरकार का फैसला, पूर्व सैनिक के परिवार को मिलेंगे एक करोड़

भिवानी (हरियाणा): दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने राष्ट्रीय राजधानी में मंगलवार को ‘वन रैंक वन पेंशन’ लागू करने की मांग को लेकर खुदकुशी करने वाले पूर्व सैनिक के परिजनों को गुरुवार को एक करोड़ रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की। आम आदमी पार्टी (आप) के नेता ने पूर्व सैनिक रामकिशन ग्रेवाल के अंतिम संस्कार के बाद उनके बेटे जसवंत की उपस्थिति में यह घोषणा की।

ग्रेवाल के अंतिम संस्कार के बाद केजरीवाल ने संवाददाताओं से कहा, “हम राम किशन (ग्रेवाल) के परिवार को एक करोड़ रुपया दे रहे हैं। उन्हें हम एक शहीद मानते हैं।”

आप नेता ने कहा कि मंगलवार को अपने परिजनों से कहे ग्रेवाल के अंतिम शब्द यह दर्शाते हैं कि वह एक बहादुर सैनिक थे। वह देश के लिए जिए और देश के लिए ही मरे।

केजरीवाल ने कहा, “पूरा देश ‘वन रैंक वन पेंशन’ को लागू करने के लिए लड़ता रहेगा और हम इसे लागू करने के लिए सरकार पर जोर डालेंगे।”

मुख्यमंत्री केजरीवाल को दिल्ली पुलिस ने बुधवार को सात घंटे के लिए हिरासत में लिया था। वह ग्रेवाल के परिवार से मिलने की कोशिश कर रहे थे।

जसवंत ने कहा कि पुलिस ने उन्हें तथा परिजनों को मारा और पुलिस थाने ले जाने से पहले उनके साथ गालीगलौच भी की। उन्होंने कहा, “पुलिस ने हमारी बात नहीं सुनी। उन्होंने हमारे साथ हाथापाई और गालीगलौच की।”

पूर्व सैनिक ग्रेवाल के बेटे जसवंत ने कहा कि सरकार को बिना कोई भी देरी किए ‘वन रैंक वन पेंशन’ को लागू करना चाहिए ताकि जिस स्थिति से हम गुजरे हैं, उस स्थिति से कोई और न गुजरे।

ग्रेवाल की मौत पर राजनीति करने के बारे में केजरीवाल ने कहा, “हां, हम राजनीति कर रहे हैं। हम सैनिकों के अधिकारों को बचाने के लिए राजनीति कर रहे हैं और केंद्र सरकार उन्हें धोखा देने के लिए राजनीति कर रही है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

Back to top button