रांची, 02 अगस्त : जेवीएम सुप्रीमो बाबूलाल मरांडी ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए बड़ा आरोप लगाया है. बाबूलाल ने कहा है बीजेपी की सरकार दारु बेचकर वर्ष 2019 के चुनाव खर्च के लिए पैसा कमा रही है. श्री मरांडी बुधवार को जेवीएम कार्यलय में संवाददाताओं से बात कर रहे थे. उन्होंंने सवाल उठाते हुए कहा कि सरकार का काम शराब बेचना है ? साथ ही उन्होंने ये भी कहा कि राज्य में शराबबंदी होनी चाहिए.
व्यक्ति की स्वतंत्रता का हनन, विरोधी करेगी पार्टी
धर्म परिवर्तन को लेकर बनाये गये कानून पर भी बाबूलाल ने सवाल उठाया है. उन्होंने कहा कि ऐसा कानून लाकर बीजेपी संविधान द्वारा प्रदत आम आदमी के मौलिक अधिकार का हनन कर रही है. धर्म बदलना नागरिक की स्वतंत्रता का विषय है और जबरन धर्मांतरण पर जब संविधान में पहले से ही ऐसा करने वालों को सजा देने का प्रावधान है, तो झारखंड सरकार को नया बिल लाने की क्या जरुरत थी. इस तरह झारखंड सरकार जनता की मौलिक अधिकारों पर सीधे हमला कर रही है. उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी इस मुद्दे पर सड़क से लेकर सदन तक पुरजोर विरोध करेगी.
दल-बदल मामले का निपटारा नहीं होने दे रही बीजेपी
बाबूलाल मरांडी ने उन छह विधायको का मामला भी उठाया जिसमे वे सभी जेवीएम छोड़कर बीजेपी में शामिल हो गए थे. बाबूलाल ने कहा कि इस मामले को विधानसभा में लटका दिया गया है. कभी बीजेपी के नेता रहे बाबूलाल ने कहा कि संविधान की 10वीं अनुसूची के तहत दल-बदल करने पर विधानसभा की सदस्यता रद्द हो जाती है. लेकिन सारे नियम कानून को ताक पर रखकर बीजेपी इस मामला का निबटारा नहीं होने दी रही.
नीतीश के साथ नहीं जायेंगे
सीएनटी के मुद्दे पर बाबूलाल ने मुख्यमंत्री रघुवर दास को पत्र लिखकर मांग की है कि वे हड़बड़ी में सीएनटी एक्ट को नहीं लाये. नीतीश कुमार के बारे में पूछे जाने पर बाबूलाल ने ज्यादा कुछ नहीं कहा . बस इतना कहा कि जब वो बीजेपी में चले गए, तो चले गए. लेकिन उनकी पार्टी नीतीश कुमार के साथ नहीं जाएगी.




