Uncategorized

तूफान का कहर : सासाराम के पास नेशनल ग्रिड के दो टॉवर गिरे,  पलामू में बिजली संकट, 24 घंटे से ब्लैक आउट, मचा हाहाकार

Daltonganj : भीषण गर्मी में बिजली गुल हो जाये तो?  इसकी कल्पना मात्र ही लोगों को बेचैन कर देती है.  लेकिन पलामू के लोगों को इस हकीकत से दो-चार होना पड़ रहा है. पूरे पलामू (सतबरवा को छोड़कर) में पिछले 24 घंटे से ब्लैक आउट है. बिजली नहीं रहने के कारण शुक्रवार को कहीं भी पेयजलापूर्ति भी नहीं हो सकी. बिजली-पानी के बगैर पूरे जिले में हाहाकार मचा है. रोजेदारों के समक्ष भारी संकट उत्पन्न हो गया है.

सासाराम के पास उखड़े टावर

गुरुवारकी शाम आयी भीषण आंधी-बारिश में बिहार के सासाराम के पास दो टावर उखड़ गये हैं. इस कारण नेशनल ग्रिड से पलामू को मिलने वाली बिजली बंद हो गयी. हालांकि नेशनल ग्रिड से जुड़े होने के कारण इन टावरों की मरम्मत युद्ध स्तर पर जारी है,  लेकिन फिलहाल यह कब तक ठीक हो पायेगा, कहना मुश्किल है.

इसे भी पढ़ें – आमजन के साथ-साथ बीजेपी सांसद और मंत्री भी बिजली पानी को लेकर सीएम रघुवर दास को दे रहे नसीहत

हटिया और बी मोड़ ग्रिड विकल्प

जब तक सासाराम के पास गिरे टावर पुनः खड़े नहीं होते तब तक पलामू में बिजली पहुंचाने के दो उपाय हैं. एक हटिया ग्रिड और दूसरा रेहला स्थित बी मोड़ ग्रिड. आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक दोनों पर काम शुरू कर दिया गया है. अधिकारियों का कहना है कि पलामू को हटिया ग्रिड से जोड़ने में देर रात या कल सबेरे तक का समय लग सकता है. कंडक्टर वगैरह को उतार कर पुनः चढ़ाना होगा, जिसमें समय लगेगा. ऐसे में विद्युत अधिकारियों की एक टीम बी मोड़ ग्रिड पर तैनात है और यहां आने वाली बिहार के सोननगर की बिजली को पलामू पहुंचाने की कोशिश जारी है. अधिकारियों का कहना है कि दोनों में से जिस पर काम जल्द पूरा होगा, वहां से बिजली बहाल कर दी जायेगी.

सदर अस्पताल प्रभावित

पिछले 24 घंटों से बिजली नहीं रहने के कारण जिले की स्वास्थ्य सेवा भी प्रभावित हुई हैं. सूत्रों के मुताबिक बिजली नहीं होने के कारण डालटनगंज स्थित सदर अस्पताल में अवस्थित मेडाल में कई टेस्ट नहीं हो सका और मरीजों को भटकाना पड़ा. इसके अलावा अस्पताल में लगे इलेक्ट्रानिक उपकरण भी बंद रहे. हालांकि अस्पताल प्रबंधक की ओर से अब वैकल्पिक व्यवस्था कर ली गयी है. डीपीएम प्रवीण सिंह ने बताया कि सदर अस्पताल में जेनरेटर चालू है. सभी वार्डो में बिजली और पंखे चल रहे हैं. मरीजों का विशेष ध्यान रखा जा रहा है.

इसे भी पढ़ें – सरकारी भवनों में नहीं है रेन वाटर हार्वेस्टिंग की व्‍यवस्‍था, बारिश का पानी सहेजने को गंभीर नहीं अधिकारी

मोबाईल इन्वर्टर ने तोड़े दम

लंबे समय से बिजली नहीं रहने के कारण घरों में लगे इन्वर्टर भी दम तोड़ चुके हैं. मोबाईल भी वेंटिलेटर जा पहुंचे हैं. घर में लगे एसी, कुलर, पंखे सब शोभा की वस्तु बन गये हैं. जैसे-जैसे समय बीत रहा है, लोगों की बेचैनी बढती जा रही है और इसके साथ ही उनका आक्रोश भी बढ़ रहा है. अगर जिले में जल्द बिजली बहाल नहीं की गयी तो लोग उग्र आंदोलन के लिए बाध्य हो सकते हैं.

व्यवसाय भी प्रभावित

बिजली नहीं रहने की वजह से व्यवसाय भी प्रभावित हुए हैं. कोल्ड ड्रिंक ठंडा नहीं हो पाने के कारण इसका व्यवसाय पूरी तरह ठप रहा. इसके अलावा आइसक्रीम बाजार पर भी ब्लैक आउट का व्यापक असर देखने को मिला. बोतल बंद पानी के लिए लोग इधर-उधर भटकते रहे. कुल मिलाकर पलामू जिले की स्थिति अराजक बनी हुई है और अगर जल्द बिजली का समाधान नहीं निकाला गया तो लोगों का धैर्य जवाब दे सकता है.

इसे भी पढ़ें – पलामू : हरिहरगंज व हैदरनगर में आंधी-तूफान से भारी तबाही, जनजीवन अस्त-व्यस्त

 

पुरानी व्यवस्था से मिलेगी पलामू को बिजली

पलामू में बिजली संकट पर जिले के उपायुक्त अमित कुमार ने पहल की है. उन्होंने ईएसई, ट्रांसमि‍शन से बात कर पूरी जानकारी हासिल की है और जल्द से जल्द बिजली बहाल करने का निर्देश दिया है. उपायुक्त ने बताया कि ईएसई ट्रांसमि‍शन के अनुसार पुरानी व्यवस्था बहाल करने के लिए डालटनगंज को हटिया से जोड़ने का काम युद्ध स्तर पर जारी है और आज देर रात तक बिजली बहाल हो जायेगी. उपायुक्त ने यह भी बताया कि सासाराम में गिरे टावर को एक सप्ताह के भीतर खड़े करने का निर्देश पावर ग्रिड कारपोरेशन ऑफ इंडिया ने दिया है. टावर खड़े हो जाने के बाद डालटनगंज को पुनः नेशनल ग्रिड से जोड़ दिया जायेगा.

 न्यूज विंग एंड्रॉएड ऐप डाउनलोड करने के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पेज लाइक कर फॉलो भी कर सकते हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

Back to top button