NEWSWING
Daltonganj, 05 December : पलामू जिला मुख्यालय डाल्टनगंज के बाजार क्षेत्र के अतिक्रमणकारियों पर मंगलवार की देर शाम जेसीबी चला. अतिक्रमण के साए में बसे दर्जनाधिक दुकानों को ढाह दिया गया. कई सीढ़ियां तोड़ दी गयी. अतिक्रमण हटाओ अभियान का नेतृत्व सदर अंचलाधिकारी शिवशंकर पांडेय कर रहे थे.
थाना प्रभारी की देखरेख में चला अभियान
पहले दिन थाना रोड, बंसी लोहा दुकान, पंच मुहान रोड आदि क्षेत्रों में अभियान चलाया गया. इसकी खबर बाजार क्षेत्र में आग की तरह फैल गयी. बड़ी संख्या में लोग जेसीबी के इर्द-गिर्द एकत्रित हो गए. शहर थाना प्रभारी तरुण कुमार की देखरेख में अभियान चलाया गया. सुरक्षा के लिहाज से बड़ी संख्या में पुलिस के जवान भी अभियान में सक्रिय रहे. अभियान के शुरू होते ही अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मच गया. जेसीबी देख कई लोग अपने-अपने दुकान के शेड को खोलते व तोड़ते नजर आए. अधिकतर दुकानदारों समान को दुकान के भीतर कर लिया.
लगातार जारी रहेगा अतिक्रमण हटाओ अभियान
सदर अंचलाधिकारी शिवशंकर पांडेय ने बताया कि अतिक्रमण हटाओ अभियान लगातार जारी रहेगा. उन्होंने अतिक्रमणकारियों को सख्त हिदायत दी है. कहा है कि समय रहते इसमें शामिल लोग अतिक्रमणमुक्त कर दें. सभी अतिक्रमणकारियों के खिलाफ प्रशासन का डंडा चलेगा.
जाम से स्थाई निजात के लिए चल रहा अभियान
मालूम हो कि बाजार क्षेत्र को प्राथमिकता के आधार पर अतिक्रमणमुक्त बनाना है. जाम के स्थाई निजात के लिए यह कदम उठाया गया है. बाजार क्षेत्र में दोनों ओर से छह-छह फीट जगह छोड़ रोड मार्किंग कराया जाएगा. निर्धारित स्थल पर ठेला लगेगा और मोटरसाइकिल पार्क होगा. मार्किंग के बाहर मोटरसाइकिल लगाने वालों पर कार्रवाई होगी. बताया गया कि श्रृंगार स्टोर रोड कुआं रोड के इर्द-गिर्द कई सब्जी दुकान लगते हैं. उसे सदर अस्पताल के पास शिफ्ट किया जाएगा.
न्यूज विंग एंड्रॉएड ऐप डाउनलोड करने के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पेज लाइक कर फॉलो भी कर सकते हैं.




