जमशेदपुर: बृहस्पतिवार को जिला समाहरणालय कक्ष में उपायुक्त अमित कुमार की अध्यक्षता में पुनर्वास समिति की बैठक में पूर्व माओवादियों को मुख्यधारा से जोड़ने का निर्णय लिया गया। बैठक में बीते दिनों मंगल टुडू व संगीता किस्कू द्वारा किये गये अत्मसमर्पण के बाद तय हुआ कि उन्हें 2.5 लाख रूपये पुनर्वास अनुदान के रूप में दिया जाएगा। इस बीच विशेष शाखा उनकी गतिविधियों पर नजर रखेगी। दोनों को व्यावसायिक प्रशिक्षण की भी व्यवस्था की जाएगी, इस स्थिति में उन्हें एक वर्ष तक 3000 रू0 मासिक प्रतिमाह दिया जाएगा। निर्णय लिया गया कि उन्हें घर बनाने के लिए चार डिसमिल जमीन, पात्रता की स्थिति में इंदिरा आवास, मुख्यमंत्री कन्यादान, स्वरोजगार के लिए दो लाख तक का ऋण, सरकारी प्रीमियम पर पांच लाख का बीमा आदि सुविधाएं भी राज्य सरकार के तरफ से दी जा रही हैं।
उक्त सभी प्रावधान झारखण्ड सरकार गृह विभाग, रांची के आदेश के आलोक में जिला पुनर्वास समिति की अनुशंसा पर किये गये हैं। समिति में उपायुक्त के अलावा एसएसपी, डीडीसी, एसपी ग्रामीण, समादेष्टा गृह रक्षा वाहिनी, महाप्रबंधक जिला उद्योग केन्द्र तथा एलडीएम शामिल हैं।
(आईपीआरडी)




