
25 फरवरी तक जवाब देने का निर्देश
Akshay Kumar Jha
Ranchi: झारखंड में भी चारा घोटाला हुआ है, यह अब साफ हो गया है. 2016-17 में आंध्रप्रदेश की निजी कंपनी KPR Agrochem को फायदा पहुंचाने के लिए कृषि विभाग के गव्य निदेशालय की तरफ से कई ऐसे काम किए गए जिस पर एजी ने ऑडिट के दौरान सवाल उठाए थे. एजी के सवाल उठाए जाने के बाद कृषि, पशुपालन सहकारिता विभाग की सचिव पूजा सिंघल ने गव्य विकास के निदेशक डॉ. कृष्ण मुरारी को शो-कॉज किया है. शो-कॉज में कृष्ण मुरारी पर कई गंभीर आरोप लगाए गए हैं. यहां तक कि मामले से जुड़े कागजात गायब होने, पेज में ओवर राइटिंग करने के भी आरोप लगाए गए है. अपने छह बिंदुओं के शो-कॉज में सचिव ने निदेशक से पूछा है कि इतनी सारी अनियमितताओं के बाद क्यों नहीं आपको दोषी मानते हुए आप पर दंडात्मक कार्रवाई की जाए. सचिव की तरफ से यह शो-कॉज 20 फरवरी को दिया गया है. जवाब 25 फरवरी तक देने को कहा गया है. बताते चलें कि यह पूरा काम 4.65 करोड़ का था. एजी ने अपने ऑडिट में पाया था कि कंपनी को निजी फायदा पहुंचाने के लिए गव्य निदेशालय ने सारे नियम और कानून को ताक पर रख दिए गए हैं.
क्या कहा है सचिव ने अपने शो-कॉज में
– निदेशक गव्य के प्रभार पर आप कब से हैं.
– स्पष्ट बताएं कि इतनी गंभीर अनियमितताओं की जानकारी आपको पहले थी या नहीं.
– अयनियमितता की जानकारी मिलने के बाद आपने कौन सी कार्रवाई की, ताकि सरकारी राशि का दुरुपयोग ना हो. अगर कोई कार्रवाई नहीं की तो स्पष्ट करें.
– आप निदेशक होने के नाते विभाग के किसी भी जवाबदेही के लिए पूर्ण रूप से जिम्मेदार हैं, जब ऐसी अनियमितता की बात सामने आयी तो क्यों नहीं आपने संबंधित पदाधिकारियों और कर्मियों पर कार्रवाई की.
– एक ही बिल पर दोबारा भुगतान किए जाने के बावजूद गबन की गयी राशि की रिकवरी के लिए आपके तरफ से ना ही फाइल बढ़ायी गयी और ना ही किसी तरह की और कोई कार्रवाई की गयी. ऐसा करने के पीछे क्या कारण हो सकता है. इस बात की जानकारी आपको कब हुई. स्पष्ट करें. क्यों ना ऐसा करने पर अनियमितता में आपकी संलिप्तता मानकर आप पर कार्रवाई की जाए.
– फाइलों को देखने के बाद यह साफ है कि कार्रवाई करने में आपने जानबूझ कर देर की. ऐसे में आपसे अपने कर्तव्य के पालन में गंभीर चूक हुई है. क्यों नहीं इस मामले में आप पर दंडात्मक कार्रवाई की जाए.
– स्पष्ट करें कि lacking in due diligence, responsibility and accountability, Financial Properties and perpetuating in wrong doing and wrongful loss to Government exchequer के लिए आपको क्यों दोषी नहीं माना जाए.
– फाइल नंबर 01/2016 जो मामले से जुड़ी फाइल है, उसके पांच पन्ने पेज नंबर 62 से 66 तक गायब हैं. साथ ही फाइल में कई जगहों पर ओवरराइटिंग भी की गयी है. इसपर आपने क्या कार्रवाई की 25 फरवरी तक स्पष्ट करें.
तीन साल में कोई और अनियमितता तो नहीं हुई, रिपोर्ट दें
कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता सचिव पूजा सिंघल ने अपने शो-कॉज में निदेशक गव्य को स्पष्ट रुप से कहा है कि मामले में एफआईआर पहले से हो चुका है. ऐसे में न्यायालय में मामले से जुड़े कागजात उपलब्ध कराने होंगे. मामले से जुड़े सारे कागजातों की जवाबदेही निदेशक की ही होगी. सचिव ने पूछा है कि विभाग में निदेशक ने चेक एंड बैलेंस के लिए क्या व्यवस्था की है. यह स्पष्ट किया जाए. एक समिति बना कर खरीद बिक्री से जुड़ी रिपोर्ट बना कर विभाग को दिया जाए. बीते तीन सालों में विभाग की तरफ से कौन-कौन से टेंडर निकाले गए. टेंडर निकाले जाने के पीछे क्या किसी तरह की अनियमितता तो नहीं बरती गयी. यह स्पष्ट कराया जाए. क्या टेंडर सीवीसी गाइडलाइऩ और वित्तीय नियमावली के मुताबिक निकाले गए. इन सारी बातों की जानकारी विभाग को दी जाए.
न्यूज विंग एंड्रॉएड ऐप डाउनलोड करने के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पेज लाइक कर फॉलो भी कर सकते हैं.




