
Ranchi: मैट्रिक और इंटरमीडिएट विज्ञान के रिजल्ट में खराब प्रदर्शन के लिए पहले से ही आलोचनाएं झेल रही झारखंड एकेडमिक कौंसिल (जैक) की करनी अब इंटर कला के स्टूडेंट्स पर भारी पड़नेवाली है. जैक की कार्यशैली का हिस्सा रही लेटलतीफी के कारण इस बार इंटर कला के स्टूडेंट्स देश के टॉप संस्थानों में दाखिला पाने से महरूम रह जायेंगे. भले ही वे 100 परसेंट मार्क्स के साथ ही टॉप क्यों न करें। दरअसल, जैक इंटर कला का रिजल्ट 22 जून को जारी करेगी। उधर, देश के टॉप संस्थानों में शुमार दिल्ली यूनिवर्सिटी (डीयू) समेत कई ऐसे संस्थान हैं, जहां एडमिशन फॉर्म भरने की आखिरी तारीख 22 जून से पहले है. यानी, जब तक जैक इंटर कला का रिजल्ट जारी करेगी, तब तक यहां के स्टूडेंट्स के हाथों से डीयू और इस जैसे देश के दूसरे टॉप संस्थानों में एडमिशन पाने का मौका फिसल चुका होगा.
डीयू में रजिस्ट्रेशन का मौका 7 जून को ही हो गया खत्म
दिल्ली यूनिवर्सिटी में एडमिशन के लिए रजिस्ट्रेशन की अंतिम तिथि 7 जून थी. 7 जून से पहले रजिस्ट्रेशन करानेवाले स्टूडेंट्स ही डीयू में एडमिशन के लिए आवेदन कर सकते हैं. लेकिन जैक के इंटर कला के स्टूडेंट्स अब तक रिजल्ट जारी नहीं होने के कारण संशय में हैं और इस वजह से वे वहां रजिस्ट्रेशन भी नहीं करा पाये हैं. अगर इंटर विज्ञान और वाणिज्य की तर्ज पर कला का भी रिजल्ट पहले आ जाता, तो स्टूडेंट्स आसानी से रजिस्ट्रेशन करा पाते, लेकिन ऐसी कृपा जैक ने इंटर कला के स्टूडेंट्स पर बरसाने में कंजूसी दिखा दी। अब इसका खामियाजा इन स्टूडेंट्स को भुगतना पड़ेगा।
80 प्रतिशत से अधिक अंक में डीयू के अच्छे कॉलेजों में हो जाता एडमिशन
राज्य के कला विषय के स्टेट टॉपरों को 80 से 85 प्रतिशत तक अंक आसानी से मिल जाते हैं. अगर स्टूडेंट्स रजिस्ट्रेशन करा चुके होते, तो डीयू के अच्छे कॉलेजों में उनका का एडमिशन हो जाता. पर जैक को इसकी परवाह नहीं. हर बार जून के तीसरे सप्ताह में जैक इंटर कला का रिजल्ट जारी करती है और वह अपनी इस परंपरा पर कायम है और रहेगी, चाहे इससे स्टूडेंट्स का नुकसान ही क्यों न हो जाये.
पिछली बार के कला टॉपर को मिले थे 84.6 प्रतिशत अंक
पिछले सत्र में इंटर कला का रिजल्ट 72 प्रतिशत रहा था. इंटर कला के टॉपर को 84.6 प्रतिशत अंक मिले थे. वहीं, रिजल्ट पिछले साल भी देर से ही जारी किया गया था. पिछले सत्र में कला का रिजल्ट 20 जून को जारी किया गया था, जबकि विज्ञान और वाणिज्य का रिजल्ट 30 मई को ही जारी कर दिया गया था.
विज्ञान और वाणिज्य के रिजलट को जारी करना बताया था जरूरी
जैक अध्यक्ष अरविंद कुमार ने बताया था कि इंटर विज्ञान और वाणिज्य का रिजल्ट इसलिए पहले जारी किया गया, क्योंकि इसके स्टूडेंट्स को मेडिकल, इंजीनियरिंग और कई यूनिवर्सिटी में एडमिशन के लिए अप्लाई करना होता है. वहीं वाणिज्य वालों को क्लैट और सीए की परीक्षाओं के लिए फॉर्म भरने होते हैं. जैक का यह सोचना उचित भी है, पर कला के स्टूडेंट्स की आगे की पढ़ाई को लेकर भी जैक को गंभीर होना चाहिए था.
सभी बोर्ड का रिजल्ट हो चुका है जारी
देश के सभी स्टेट बोर्ड समेत सीबीएसई और आईसीएसई के रिजल्ट जून के पहले सप्ताह तक जारी किये जा चुके हैं. देश भर में सबसे लेट जैक के इंटर काला का ही रिजल्ट जारी होगा. जैक हर बार विज्ञान और वाणिज्य का रिजल्ट एक साथ जारी करती है, वहीं कला के रिजल्ट में हमेशा देरी हो जाती है.




